मुख्यमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग से अधिकारियों को दिए निर्देश
नशे का अवैध व्यापार करने वालों पर कठोर कार्रवाई करें – मुख्यमंत्री कलेक्टर खाद के भण्डारण और वितरण की कड़ी निगरानी करें – मुख्यमंत्री त्योहारों के दौरान कानून और व्यवस्था की कड़ी निगरानी रखें – मुख्यमंत्री गौशालाओं में की जाएगी गोवर्धन पूजा
मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों के दौरान कानून और व्यवस्था की कड़ी निगरानी रखें। पटाखे और विस्फोटक पदार्थों की बिक्री तथा भण्डारण स्थलों पर सतत निगरानी रखें। पटाखों के बिक्री स्थल पर सुरक्षा और आग बुझाने के समुचित प्रबंध रखें। पटाखे की अवैध रूप से बिक्री और भण्डारण करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करें। कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप के उपयोग पर प्रतिबंध को कठोरता से लागू करें। दीपावली में बैलगाड़ी दौड़ जैसे कार्यक्रम कराए जा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्त भारत अभियान के तहत नशे के विरूद्ध व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाएं। सभी छात्रावासों तथा शिक्षण संस्थाओं में विद्यार्थियों और शिक्षकों की संयुक्त समिति गठित करके नशे के विरूद्ध कार्रवाई और जागरूकता सुनिश्चित करें।
हर छात्रावास के लिए नोडल अधिकारी तैनात करके नशे के विरूद्ध अभियान तथा विद्यार्थियों के कॅरियर जागरूकता मार्गदर्शन की व्यवस्था करें। एनकॉर्ड समिति की हर जिले में हर माह बैठक आयोजित करें। नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री, मेडिकल ड्रग, केमिकल ड्रग तथा अन्य घातक नशीले पदार्थों को बेचने और सप्लाई करने वालों पर लगातार कार्रवाई करें। ऐसे रसायन पदार्थ जिनका उद्योगों में उपयोग होता है लेकिन अवैध नशा बनाने में दुरूपयोग हो सकता है उनके भी भण्डारण पर कड़ी निगरानी रखें। शराब की अवैध बिक्री करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई करें। बस स्टैंड तथा रेलवे स्टेशनों पर कड़ी निगरानी रखें। ड्रग माफिया के विरूद्ध लगातार अभियान चलाएं। शिक्षण संस्थाओं के आसपास नशीले पदार्थों की बिक्री पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करें।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। सभी कलेक्टर्स खाद के भण्डारण और वितरण की सतत निगरानी रखें। खाद के ई टोकन के माध्यम से वितरण में किसी भी तरह की कठिनाई आने पर उसे तत्काल दूर कराएं। जिन जिलों में औसत से कम वर्षा हुई है वहाँ कलेक्टर फसल कटाई प्रयोग के आधार पर अनावारी रिपोर्ट तैयार करें। इसके आधार पर किसानों के बीमा प्रकरण तथा राहत प्रकरण तैयार कराएं। बैठक में मुख्य सचिव श्री अशोक वर्णवाल, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सतना के एनआईसी कक्ष से कलेक्टर डॉ सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, अपर कलेक्टर विकास सिंह, डिप्टी कलेक्टर अनुराग तिवारी सहित संबंधित अधिकारी वीसी के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
