कटनी में 9 नवंबर को होगा जिला स्तरीय गोवर्धन पूजन कैलवाराखुर्द के श्री दयोदय पशु सेवा केंद्र में होगा आयोजन सात अधिकारियों-कर्मचारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
(कटनी) गोवंश संरक्षण एवं संवर्धन के साथ भारतीय संस्कृति में गोमाता के महत्व को रेखांकित करने के उद्देश्य से सोमवार, 9 नवंबर को कटनी जिले का जिला स्तरीय गोवर्धन पूजन कार्यक्रम कैलवाराखुर्द स्थित श्री दयोदय पशु सेवा केंद्र में आयोजित किया जाएगा।कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए सात अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है।जारी आदेश के अनुसार डॉ. रवि कुमार कटारिया को कार्यक्रम का प्रभारी बनाया गया है। उनके मार्गदर्शन में डॉ. साकेत मिश्रा, डॉ. प्रहलाद तोमर, बीरेन्द्र सिंह, रमेश सिंह ठाकुर, रामजी बर्मन एवं रामदास बर्मन व्यवस्थाओं का दायित्व संभालेंगे।उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विकास ने बताया कि सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सोमवार सुबह 8 बजे आयोजन स्थल पर उपस्थित होकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
