कटनी में कोचिंग सेंटरों के पंजीयन के लिए 10 अधिकारी नामांकित कलेक्टर श्री तिवारी ने नगरीय निकायों और जनपद पंचायतों के अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारी

(कटनी) विद्यार्थियों की सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण को ध्यान में रखते हुए मध्यप्रदेश शासन द्वारा अधिसूचित मध्यप्रदेश कोचिंग केन्द्र (पंजीयन एवं विनियमन) नियम, 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जिले में कोचिंग सेंटरों के पंजीयन की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए 10 अधिकारियों को पंजीयन प्राधिकारी के रूप में नामांकित किया है। साथ ही नामांकित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में मध्यप्रदेश कोचिंग केन्द्र (पंजीयन एवं विनियमन) नियम, 2026 के प्रावधानों के तहत पंजीयन प्राधिकारी के रूप में कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, नगर पालिक निगम कटनी क्षेत्र के लिए नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार क पंजीयन प्राधिकारी बनाया गया है। इसी प्रकार नगर परिषद बरही के लिए मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री आशीष मरावी, नगर परिषद कैमोर के लिए श्री मनीष परते तथा नगर परिषद विजयराघवगढ़ के लिए श्री दीपेश बवेले को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में जनपद पंचायत कटनी और बड़वारा के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रदीप सिंह, जनपद पंचायत रीठी के लिए श्री राजेश नरेन्द्र सिंह, जनपद पंचायत विजयराघवगढ़ के लिए श्री ब्रतेश जैन, जनपद पंचायत बहोरीबंद के लिए श्री अभिषेक कुमार तथा जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के लिए श्री के.के. पाण्डेय को पंजीयन प्राधिकारी नामांकित किया गया है।

उल्लेखनीय है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण सुनिश्चित करने तथा माननीय सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के अनुपालन में राज्य शासन ने कोचिंग केन्द्रों के संचालन को विनियमित करने के लिए ये नियम अधिसूचित किए हैं।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें