कलेक्टर ने छठ पूजा की तैयारियों का लिया जायजा, गोपालदास बांध का किया निरीक्षण

श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता के लिए दिए आवश्यक निर्देश

(सीधी) छठ पूजा पर्व को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर विकास मिश्रा ने गोपालदास बांध का निरीक्षण कर पूजा आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि छठ पूजा के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्थाओं के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण कर ली जाएं।

कलेक्टर ने बांध परिसर एवं पूजा स्थलों का निरीक्षण करते हुए घाटों की साफ-सफाई, पहुंच मार्ग की व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा के समुचित इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जाए तथा जलाशय के आसपास सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के साथ ही आवश्यकतानुसार गोताखोरों, सुरक्षा कर्मियों एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए छठ पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराएं।

कलेक्टर ने कहा कि छठ पूजा आस्था एवं लोक संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है। श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं बेहतर ढंग से सुनिश्चित की जाएं।

इस दौरान उपखंड अधिकारी गोपद बनास प्रिया पाठक, कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग अनामिका सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें