धान खरीदी की तैयारियां समय पर पूरीकरें, किसानों को न हो परेशानी: कलेक्टर श्री विश्वकर्मा
कलेक्टर की अध्यक्षता में समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक संपन्न
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा की अध्यक्षता में आयोजित समयसीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक में नगर निगम कमिश्नर अग्रिम कुमार, डीएफओ पुनीत सोनकर, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत, अपर कलेक्टर नीता राठौर, रविशंकर राय, शैलेंद्र सिंह एवं अखिलेश सिंह तथा सभी विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।
धान खरीदी के लंबित भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर ने पिछले वर्ष की धान खरीदी का भुगतान को लेकर भी चर्चा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित कर भुगतान की स्थिति की समीक्षा करने और किसानों को भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के आवेदनों का नियमित फॉलोअप करें
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने जनसुनवाई के आवेदनों के निराकरण में हो रहे विलंब पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि प्रकरणों का निराकरण तत्परता से करें। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक मंगलवार को जनसुनवाई समाप्त होते ही आवेदन संबंधित अधिकारियों को भेजे जाएं तथा प्रतिदिन उनके निराकरण की स्थिति का फॉलोअप किया जाए। अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि आवेदकों को समय पर राहत मिले।
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करें
उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की विभागवार रैंकिंग की समीक्षा करते हुए 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन विभागों में 50 से अधिक शिकायतें लंबित हैं, वे विशेष अभियान चलाकर उनका निराकरण करें। जिन विभागों में शिकायतें एकल अंक में हैं, वे लंबित शिकायतों की संख्या शून्य पर लाएं।
जनविश्वास अभियान के शिविरों में आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण करें
बैठक में आगामी शुक्रवार 20 नवंबर को आयोजित होने वाले मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के शिविरों की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई। उन्होंने सभी एसडीएम को प्रतिदिन सीएम हेल्पलाइन एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के आवेदनों की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अनुविभाग लंबित आवेदनों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करें।
लंबित टीएल एवं हाईकोर्ट प्रकरणों पर तत्काल कार्रवाई करें
कलेक्टर ने जनाकांक्षा पोर्टल और समयसीमा पत्रकों पर लंबित जवाब तत्काल दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी सप्ताह से इन प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा की जाएगी। साथ ही हाईकोर्ट के प्रकरणों की समीक्षा के दौरान जिले में अवमानना की स्थिति वाले मामलों में तत्काल कंप्लायंस रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। सामान्य लंबित प्रकरणों में भी जवाब-दावा समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
स्कूली एवं निजी बसों की फिटनेस जांच के लिए चलाएं अभियान
बैठक के दौरान उन्होंने परिवहन विभाग को सभी स्कूली बसों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाने तथा वैध फिटनेस प्रमाणपत्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने निजी बसों की भी जांच कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए।
श्रमयोगी मानधन एवं पीएम स्वनिधि योजना में बढ़ाएं पंजीयन और आवेदन
प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना की समीक्षा करते उन्होंने जनपद पंचायतों के सीईओ, नगरीय निकायों और श्रम विभाग को समन्वय से पात्र श्रमिकों का पंजीयन बढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं पीएम स्वनिधि योजना में लक्ष्य की जानकारी लेते हुए नगर निगम एवं नगरीय निकायों को जोनवार कार्ययोजना बनाकर लक्ष्य की तुलना में ढाई गुना आवेदन प्राप्त करने के प्रयास करने के निर्देश भी दिए।
अवैध उत्खनन और अवैध मदिरा बिक्री पर करें कार्यवाही
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने खनिज विभाग एवं एसडीएम को अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध लगातार कार्यवाही करने तथा वार्षिक राजस्व लक्ष्य की पूर्ति के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने आबकारी विभाग को भी अवैध मदिरा बिक्री पर सख्त कार्यवाही करने के भी निर्देश दिए।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयसीमा का रखें ध्यान
उन्होंने निर्माण एजेंसियों की बैठक आयोजित कर निर्माणाधीन भवनों एवं सड़कों के कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने तथा लोक निर्माण विभाग एवं राष्ट्रीय राजमार्ग से संबंधित निर्माण कार्यों में आवश्यक अनुमतियां आपसी समन्वय से तत्काल जारी करने के भी निर्देश दिए।
पशुपालन, लखपति दीदी और स्व-सहायता समूहों के कार्यों की समीक्षा
बैठक में पशुपालन विभाग की योजनाओं के वार्षिक लक्ष्य के विरुद्ध अब तक की प्रगति की जानकारी लेते हुए कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत लखपति दीदी योजना, स्व-सहायता समूहों के बैंक लिंकेज और कैश क्रेडिट लिमिट की नियमित समीक्षा करें।
वाहन चालकों एवं श्रमिकों के लिए लगाएं नेत्र परीक्षण शिविर
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने नगर निगम के स्वच्छता कर्मियों, फायर ब्रिगेड के वाहन चालकों तथा ई-रिक्शा, ऑटो, बस एवं ट्रक चालकों के लिए विशेष नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम, जिला पंचायत और आरटीओ कार्यालय को स्वास्थ्य अधिकारी के साथ समन्वय करते हुए इसी सप्ताह शिविर की तिथि निर्धारित करने के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री घोषणाओं और वन अधिकार प्रकरणों की करें समीक्षा-कलेक्टर
बैठक में सभी विभागों को मुख्यमंत्री मॉनिट, मुख्य सचिव मॉनिट एवं मुख्यमंत्री की जिले से संबंधित घोषणाओं के लंबित प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन अधिकार एवं राजस्व ग्रामों में संपरिवर्तन के लंबित मामलों की समीक्षा कर उपखंड स्तरीय समितियों की बैठक आयोजित करने को कहा।
22 से 24 नवंबर तक पल्स पोलियो अभियान, कोई बच्चा न छूटे
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने 22, 23 एवं 24 नवंबर को आयोजित होने वाले पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाना सुनिश्चित करने को कहा। स्वास्थ्य विभाग को विस्तृत कार्ययोजना बनाने तथा संबंधित विभागों के समन्वय से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी एसडीएम को टीकाकरण केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेने के भी निर्देश दिए।
