विज्ञान के सवालों पर खिले बच्चों के चेहरे, कलेक्टर ने बढ़ाया हौसला सांदीपनि स्कूल बहोरीबंद में कलेक्टर श्री तिवारी ने विद्यार्थियों से किया आत्मीय संवाद, पढ़ाई और भोजन की गुणवत्ता पर दिया जोर
(कटनी) विज्ञान के सवाल, बच्चों के आत्मविश्वास से भरे जवाब और कलेक्टर की सराहना। शुक्रवार को सांदीपनि स्कूल बहोरीबंद में निरीक्षण के दौरान कुछ ऐसा ही खुशनुमा माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत पहुंचे कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उनकी पढ़ाई और सुविधाओं की जानकारी ली।
कक्षा-2 में बच्चों से बस सुविधा के बारे में पूछा, तो उन्होंने बताया कि स्कूल आने-जाने में उन्हें कोई परेशानी नहीं होती। इसके बाद कलेक्टर कक्षा-8 में पहुंचे। यहां विज्ञान की कक्षा चल रही थी। उन्होंने छात्रा सुनीता चौधरी से सूक्ष्मजीवों के प्रकार पूछे। सुनीता ने शैवाल, कवक, प्रोटोजोआ और विषाणु के नाम बताए। वहीं, सूक्ष्मजीव कहां पाए जाते हैं, इस सवाल पर छात्रा उर्वशी ने आत्मविश्वास से जवाब दिया कि ये हमारे चारों ओर मौजूद होते हैं।
दोनों छात्राओं के सटीक जवाब सुनकर कलेक्टर ने उनका उत्साहवर्धन किया। बच्चों से सहज संवाद के जरिए उन्होंने पढ़ाई के स्तर को परखा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय की रसोई का भी जायजा लिया। उन्होंने बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने पर जोर दिया।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा, जिला पंचायत सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर और एसडीएम बहोरीबंद श्री श्लोक वायकर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
