नगर निगम के 1674 पथ विक्रेताओं को मिला योजना का लाभ

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने किया लाभान्वितों से संवाद

कटनी  प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेन्डर्स आत्मनिर्भर स्वनिधि योजना में कटनी जिले के नगर निगम क्षेत्रान्तर्गत 1674 पथ विक्रेता हितग्राहियों को 10-10 हजार रुपये की सहायता वितरित कर दी गई है। नगर निगम कटनी अन्तर्गत योजना में अब तक 2701 हितग्राहियों को 10-10 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को पीएम स्ट्रीट वेन्डर्स आत्मनिर्भर स्वनिधि योजना में मध्यप्रदेश के एक लाख से अधिक लाभार्थियों से वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के जरिये सीधा संवाद किया।

            प्रधानमंत्री जी के संबोधन का सीधा प्रसारण कटनी नगर निगम प्रांगण में जिले के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं स्ट्रीट वेन्डर्स आत्मनिर्भर स्वनिधि योजना के लाभार्थियों ने देखा और सुना। इस मौके पर विधायक संदीप जायसवाल, कलेक्टर शशिभूषण सिंह, पार्टी जिलाध्यक्ष रामरतन पायल, पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, कमिश्नर नगर निगम सतेन्द्र धाकरे, नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे। वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के जरिये प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने मध्यप्रदेश के इन्दौर जिले के सांवेर के लाभार्थी छगनलाल, ग्वालियर की अर्चना शर्मा और रायसेन जिले के सांची के लाभार्थी डालचन्द्र से सीधा संवाद करते हुये बातचीत की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि मध्यप्रदेश में पीएम स्ट्रीट वेन्डर्स आत्मनिर्भर स्वनिधि योजना में कुल 8 लाख 78 हजार आवेदन पंजीकृत हुये थे। जिनमें सत्यापन के पश्चात 4 लाख 51 हजार हितग्राहियों को पात्र पाये जाने पर परिचय पत्र जारी किये गये। बैंकों में योजना अन्तर्गत 2 लाख 55 हजार हितग्राहियों के प्रकरण प्रस्तुत किये गये हैं। प्रस्तुत आवेदनों में बैंकों द्वारा 1 लाख 56 हजार हितग्राहियों को 10-10 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है। अब तक 1 लाख 8 हजार हितग्राहियों के खाते में 10-10 हजार रुपये की राशि जमा करा दी गई है।

            नगर निगम कटनी अन्तर्गत प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेन्डर्स आत्मनिर्भर स्वनिधि योजना में कुल 13 हजार 261 आवेदन पंजीकृत किये गये हैं। सत्यापन और अनुमोदन के बाद 7 हजार 934 आवेदकों को पात्र पाये जाने पर परिचय पत्र जारी किये गये हैं। अब तक बैंकों में 5 हजार 522 हितग्राहियों के प्रकरण ऋण स्वीकृत हेतु प्रस्तुत किये गये हैं। जिनमें बैंकों द्वारा 2701 प्रकरणों में 10-10 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत कर 1674 हितग्राहियों को वितरण भी कर दिया गया है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें