एक ही दिवस में स्वीकृत हुई निःशक्तजन पेंशन
कटनी – लोक सेवा प्रबंधन के माध्यम से अधिसूचित सेवाओं का लाभ हितग्राहियों को प्रदाय किया जा रहा है। इन सेवाओं में समाधान एक दिवस के तहत आवेदन के दिन ही चिन्हित सेवायें आवेदकों को प्रदाय की जा रही है। कटनी जनपद पंचायत के ग्राम हीरापुर कौडि़या निवासी 62 वर्षीय मंगल प्रसाद भी एक ही दिवस में अपनी निःशक्तजन पेंशन के स्वीकृत होने पर काफी खुश हैं।
उन्होने बताया कि गतदिवस निःशक्तजन पेंशन के लिये लोक सेवा केन्द्र कटनी में आवेदन दिया था। जिसके बाद आवेदन के दिन ही उनकी पेंशन की स्वीकृति उन्हें मिल गई। इस प्रकार उन्हें कार्यालयों के चक्कर लगाने तथा अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ा। इसके लिये हितग्राही मंगल प्रसाद ने बताया कि बिना किसी परेशानी के आवेदन करने पर उन्हें आसानी से निःशक्तजन पेंशन की स्वीकृति प्राप्त हो गई है और अब उन्हें प्रतिमाह निर्धारित निःशक्तजन पेंशन प्राप्त होगी, जिससे उन्हें जीवन यापन के लिये भी सहायता होगी।

