सहकारिता विभाग 69 हजार हितग्राहियों को वितरित करेगा के.सी.सी.

( देवास )

सहकारी बैंकों को दिये जाएंगे 800 करोड़ रुपये, सहकारिता मंत्री डॉ. भदौरिया द्वारा गरीब कल्याण सप्ताह के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा

गरीब कल्याण सप्ताह अन्तर्गत प्रधानमंत्री किसान योजना सहित विभिन्न योजनाओं में लगभग 69 हजार हितग्राहियों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किये जायेंगे। इसके साथ ही कृषकों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण देने हेतु सहकारी बैंकों को 800 करोड़ रुपये की राशि प्रदाय की जायेगी। राज्य स्तरीय समारोह का शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे। सहकारिता एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री डॉ. अरविन्द सिंह भदौरिया ने गरीब कल्याण सप्ताह अन्तर्गत 22 सितम्बर को आयोजित होने वाले सहकारिता विभाग के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की।
बैठक में प्रमुख सचिव सहकारिता श्री उमाकांत उमराव, आयुक्त सहकारिता श्री आशीष सक्सेना, एम.डी. एपेक्स बैंक श्री प्रदीप नीखरा उपस्थित थे। सहकारिता मंत्री डॉ. अरविन्द भदौरिया ने कहा कि प्रदेश भर में प्रधानमंत्री किसान योजना के हितग्राही सहित पात्र सभी कृषकों को किसान क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराये जायें, कोई भी पात्र हितग्राही किसान क्रेडिट कार्ड पाने से छूटना नहीं चाहिये। उन्होंने कहा कि किसानों को क्रेडिट कार्ड मिल जायेंगे तो वे के.सी.सी. के द्वारा खेती-किसानी की उन्नति के लिये ऋण सरलता से प्राप्त कर सकेंगे।
बैठक में बताया गया कि गरीब कल्याण सप्ताह कार्यक्रम अंतर्गत सहकारिता विभाग द्वारा 22 सितम्बर को राज्य स्तर तथा जिला स्तरों पर कार्यक्रम आयोजित होंगे। राज्य व जिला स्तरीय कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री किसान योजना के लगभग 60 हजार हितग्राहियों, 8 हजार पशुपालकों तथा 800 मत्स्य-पालक कृषकों को भी किसान क्रेडिट-कार्ड उपलब्ध कराये जायेंगे। राज्य स्तरीय कार्यक्रम की तैयारियों के लिये वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं जिला स्तरीय कार्यक्रमों के लिये मैदानी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किये जा चुके हैं।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें