गरीब कल्याण सप्ताह के दूसरे दिन मनाया गया पोषण महोत्सव
1712 आंगनबाड़ी केन्द्र और जिलास्तर की पोषण कार्ययोजना का अनुमोदन
जिले के 2187 कुपोषित बच्चों को दुग्ध वितरण प्रारंभ
कटनी – प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के मौके पर राज्य शासन द्वारा प्रदेशभर में शुरु किये गये गरीब कल्याण सप्ताह के दूसरे दिन गुरुवार को पोषण महोत्सव के रुप में मनाया गया। पोषण महोत्सव के अन्तर्गत जिले में संचालित 1712 आंगनबाड़ी केन्द्रों और जिलास्तरीय पोषण प्रबंधन रणनीति की कार्ययोजनाओं का विशेष ग्राम सभाओं और समाज की सहभागिता से अनुमोदित किया गया। जिलास्तरीय पोषण महोत्सव के कटनी जनपद के द्वारिका भवन में विधायक मुड़वारा संदीप जायसवाल के मुख्यातिथ्य और कलेक्टर शशिभूषण सिंह, जनपद पंचायत प्रधान कन्हैया तिवारी की विशेष उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में जिले के अतिकम वजन के 2187 बच्चों को मीठा दूध वितरण का कार्य जिले में प्रारंभ किया गया। इस मौके पर एसडीएम बलबीर रमन, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी नयन सिंह, महाप्रबंधक उद्योग अजय श्रीवास्तव, जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी वनश्री कुर्वेति, अश्विनी गौतम सहित महिला बाल विकास का अमला एवं हितग्राही बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
पोषण महोत्सव के तहत जिलास्तरीय पोषण सरकार कार्यक्रम में विधायक संदीप जायसवाल ने जिला समेकित स्वास्थ्य पोषण कार्ययोजना का विमोचन किया। इस मौके पर पोषण महोत्सव के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान और महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी के संबोधन का सीधा प्रसारण भी देखा और सुना गया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि राज्य सरकार बहनो और बेटियों के जन्म से लेकर अंतिम सांस तक उनके सम्मान, सुरक्षा, इज्जत और रोजगार, सशक्तिकरण की दिशा में साथ खड़ी है। उन्होने प्रदेशवासियों को सुपोषण की शपथ दिलाते हुये कहा कि समाज के हर व्यक्ति कुपोषण को प्रदेश से दूर करने की जिम्मेदारी निभायें। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्र या ग्राम पंचायत स्तर पर एक पोषण मटका स्थापित किया जाये। जिसमें नागरिक स्वेच्छा पूर्वक कुपोषित बच्चों को स्वस्थ्य करने में यथासंभव योगदान कर सके। उन्होने कहा कि आंगनबाड़ी केन्द्र के बच्चों के लिये कोई व्यक्ति स्वेच्छा से जन्मदिन, वर्षगांठ या अन्य किसी अवसर पर साप्ताहिक भोज का आयोजन भी कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने राज्यस्तरीय कार्यक्रम में सिंगल क्लिक से लाडली लक्ष्मी योजना की लाभार्थी 1 लाख 10 हजार 447 बालिकाओं के खाते में छात्रवृत्ति ट्रान्सफर की। उन्होने प्रदेश के 8 लाख कम वजन के बच्चों को मीठा दूध देने के कार्यक्रम और नवनिर्मित 601 आंगनबाड़ी केन्द्रों का ई-लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ग्वालियर जिले से कम वजन के बच्चे बल्देव यादव की मां पूजा यादव, बड़वानी जिले की पाटी मुहसा ग्राम की राहा बाई, लाडली लक्ष्मी योजना की लाभार्थी खुशी परिहार, ग्वालियर कु. दिया, सुमन श्योरपुर और डिंडोरी जिले की तेजस्वनी समूह की सचिव रेखा पेन्द्राम से सीधी बातचीत की। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर डिंडोरी की तेजस्वनी समूह महिलाओं द्वारा निर्मित कोदो कुटकी की बर्फी का भी लोर्कापर्ण किया।
जिलास्तरीय पोषण महोत्सव कार्यक्रम में विधायक संदीप जायसवाल ने कहा कि समाज के सभी जागरुक व्यक्ति कुपोषित बच्चों को सुपोषित करने की जिम्मेदारी उठायें और संकल्प लें कि हमारे घर, परिवार, गांव में कोई भी बच्चा कुपोषित नहीं रहेगा। विधायक श्री जायसवाल ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में 400 या 500 कुपोषित बच्चे होंगे। दिल से लिये गये संकल्प के तहत वे स्वयं इन्हें सुपोषित करने का प्रयास सुनिश्चित करेंगे। उन्होने प्रत्येक कुपोषित बच्चे के पते, माता-पिता की जानकारी सहित सूची उपलब्ध कराने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये।
कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने कहा कि समाज की सहभागिता और सहयोग से ही कुपोषण के कलंक को दूर किया जा सकता है। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिलास्तर से लेकर प्रत्येक आंगनबाड़ी केन्द्र की समेकित पोषण रणनीति कार्ययोजना बनाई गई है। जिनका प्रभावी क्रियान्वयन कर जिले को कुपोषण मुक्त बनाने के प्रयास होंगे। कार्यक्रम की रुपरेखा की जानकारी में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी नयन सिंह ने बताया कि जिले की 1712 आंगनबाड़ी केन्द्रों के माध्यम से 1 लाख 24 हजार 645 बच्चों एवं 33 हजार धात्री गर्भवती माताओं को लाभान्वित किया जा रहा है। गत एक वर्ष में विभागीय प्रयासों से लगभग 6 हजार बच्चों को कुपोषण की परिधि से बाहर लाया गया है। बाउण्डरी वॉल युक्त 766 आंगनबाड़ी केन्द्रों में पोषण वाटिका लगाई गई है। जिले के कुल चिन्हांकित 2187 कुपोषित बच्चों को मीठा दूध का वितरण प्रारंभ किया गया है।
जिलास्तरीय र्काक्रम में विधायक संदीप जायसवाल ने प्रतीक स्वरुप महिमा जैन, संजना साहू, महक साहू, इरफान रजा की माताओं को दूध, दलिया किट और हिमानी तिवारी, प्रियांश्री बहरे, प्राची, कौशल्या को लाडली लक्ष्मी योजना की छात्रवृत्ति 4-4 हजार रुपये का वितरण किया। उन्होने अनन्या चतुर्वेदी, आलिया खान, निखत फातिमा, त्रिशा अग्रवाल, मीनाक्षी अग्रवाल, प्रत्यूषा मिश्रा को लाडली लक्ष्मी का प्रमाण पत्र भी वितरित किये। कार्यक्रम का संचालन महाप्रबंधक उद्योग अजय श्रीवास्तव और कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी वनश्री कुर्वेति ने किया।
जिले के 30 नवनिर्मित आंगनबाड़ी भवनों का लोकार्पण
पोषण महोत्सव के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में लॉकडाउन की अवधि में पूर्ण की गई 601 नवनिर्मित आंगनबाड़ी केन्द्र भवनों का वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से ई-लोकार्पण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला एवं बाल विकास मंत्री इमरती देवी ने की।
मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा ई-लोकार्पित आंगनबाड़ी केन्द्र के नवनिर्मित भवनों में कटनी जिले के 30 आंगनबाड़ी केन्द्र भवन शामिल हैं। जिनमें ढीमरखेड़ा विकासखण्ड के ग्राम सिमरिया, सिलौंड़ी, कुन्दवारी, बम्हनी, जजनगरा (भूला), मुखास (कचनारी), सारंगपुर (खन्दवारा), खम्हरिया क्रमांक 2, इमलिया क्रमांक 2, कारीपाथर (इमलिया) और भोपार (अतरिया) शामिल हैं। इसी प्रकार बहोरीबंद विकासखण्ड में कूड़न, नीमखेड़ा, सिन्दुरसी-2, गाड़ा (खमतरा), खमतरा-2, संसारपुर-2, पटोहीखुर्द (सिंहुड़ी), बड़वारा विकासखण्ड में नगर पंचायत बरही के वार्ड क्रमांक 1 में आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक 6 और वार्ड क्रमांक 11 के आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक 7, विजयराघवगढ़ विकासखण्ड में दुर्जनपुर-3, गोहावल मिनी केन्द्र, देवरी मझगवां-3, राखी पुरैनी-2 (गौरहा), टिकुरी टोला (सिंघनपुरा) और रीठी विकासखण्ड में बड़गांव क्रमांक 6, बड़गांव क्रमांक 1, बकलेहटा क्रमांक 2 और नयागांव (खम्हरिया) के नवनिर्मित आंगनबाड़ी केन्द्र भवन लोकार्पित किये गये हैं।

