गार्वेज शुल्क के संबंध में कमेटी गठित
( ग्वालियर )
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया निर्णय नामांतरण, विज्ञप्तियों के प्रकाशन हेतु अब निगम लेगा 2 हजार रूपए
|
ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नगर निगम प्रशासक श्री एम बी ओझा, नगर निगम आयुक्त श्री संदीप माकिन, जिला अध्यक्ष भाजपा श्री कमल माखीजानी, नगर निगम के पूर्व सभापति श्री राकेश माहौर, चेम्बर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष श्री विजय गोयल, मानसेवी सचिव श्री प्रवीण अग्रवाल, श्री राकेश गुप्ता के साथ ही नगर निगम एमआईसी के पूर्व सदस्य श्री सतीश बोहरे, श्री धर्मेन्द्र राणा, श्री केशव सिंह, श्री दिनेश दीक्षित उपस्थित थे। जनहित के निर्णयों को लेकर आयोजित इस बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नगर निगम के कर्मचारियों को समयमान का लाभ एक अक्टूबर से दिया जायेगा। इसके साथ ही नगर निगम द्वारा जारी किए जाने वाले मृत्यु प्रमाण-पत्र व्यवस्था का विकेन्द्रीकरण करते हुए जोनल अधिकारी को इसके अधिकार दिए जायेंगे। मिल्क पार्लरों को स्थान उपलब्ध कराने के लिये निगम द्वारा लिए जा रहे 50 हजार रूपए के शुल्क को घटाकर 5 हजार रूपए करने का निर्णय भी लिया गया है। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने बैठक में यह भी कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था के लिये ईको ग्रीन कंपनी द्वारा जो एग्रीमेंट किया गया है उसके संबंध में भी तत्परता से निर्णय शासन स्तर से हो, इसके प्रयास किए जाएं। शहर की साफ-सफाई को और बेहतर करने की दिशा में निगम कार्य करे। नगर निगम प्रशासक श्री एम बी ओझा ने कहा कि ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने जो जनहित के मुद्दे उठाए हैं उन पर निगम तत्परता से कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि शहर में गार्वेज शुल्क के युक्तियुक्तकरण हेतु कमेटी बनाई जा रही है। शहर के नागरिक गार्वेज शुल्क को छोड़कर सम्पत्तिकर नियमानुसार जमा कर सकेंगे। गार्वेज शुल्क के संबंध में कमेटी की रिपोर्ट आने पर उचित निर्णय लिया जायेगा। |
