गरीब कल्याण सप्ताह के तहत मनाया गया ’’सबको साख-सबका विकास’’ कार्यक्रम

प्रदेश के 63 हजार नये किसानों, पशुपालकों, मत्स्य पालकों को केसीसी वितरित

कटनी  प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर पूरे प्रदेश में राज्य सरकार द्वारा शुरु किये गये गरीब कल्याण सप्ताह के अन्तर्गत मंगलवार 22 सितम्बर को सहकारिता के माध्यम से ’’सबको साख-सबका विकास’’ कार्यक्रम के रुप में मनाया गया। राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने शून्य प्रतिशत ब्याज पर कृषि ऋण प्राप्त करने 63 हजार 69 नये किसानों, पशुपालकों, मत्स्य पालकों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किये। उन्होने इस मौके पर शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण प्रदान करने सहकारी पैक्स समितियों को 800 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता भी सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री डॉ0 अरविन्द भदौरिया भी उपस्थित थे।

            राज्यस्तरीय ’’सबको साख-सबका विकास’’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान और सहकारिता मंत्री श्री भदौरिया के संबोधन को जिलास्तर, विकासखण्डस्तर, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक की 9 शाखाओं, 54 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों, 375 सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकानों और ग्राम पंचायतों में भी देखा और सुना गया।

            ’’सबको साख-सबका विकास’’ के जिलास्तरीय कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर शशिभूषण सिंह और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे ने पशुपालक किसान सिंदुरसी के प्रकाश पटेल, सिलोचना, विक्रम, लखन पटेल, खमतरा के जयकरण ठाकुर, मतवार पड़रिया के कैलाश, जुहली के उमेश दुबे, बृजेश दुबे और मत्स्य पालक किसान बहोरीबंद के डांडी बर्मन और मुन्ना बर्मन को किसान क्रेडिट कार्ड वितरित किये। इस मौके पर उप संचालक कृषि ए0के0 राठौर, उपसंचालक पशु चिकित्सा डॉ0 आर0पी0एस0 गहरवार, सहायक आयुक्त सहकारिता डॉ0 अरुण मसराम भी उपस्थित थे।

            राज्यस्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 63 हजार 69 नये किसानों, पशुपालकों, मत्स्य पालकों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरण का शुभारंभ किया। उन्होने क्रेडिट कार्ड के लाभार्थी किसान बालाघाट जिले के अरविन्द, मंदसौर जिले के नंद किशोर, भिण्ड जिले के राकेश सिंह तोमर और मुरैना जौरा के किसान हरिशचन्द्र और सांची रायसेन के किसान सौदान सिंह से सीधी बातचीत भी की। इस मौके पर अपेक्स बैंक की ओर से 1 करोड़ की राशि का चैक भी मुख्यमंत्री सहायता कोष में सौंपा गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सहकारिता सर्वेभवन्तु सुखिनः और वसुधैव कुटुम्बकम का भाव है। आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बनाने में सहकारिता आन्दोलन को नई दिशा देकर मध्यप्रदेश की तस्वीर और किसानों की तकदीर बदलने का प्रयास किया जायेगा।

            मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि वर्ष 2020 तक किसानों की आमदनी दुगनी की जायेगी। किसानों के समग्र विकास के लिये हितग्राही मूलक योजनाओं से लाभान्वित करने पैकेज बनाकर लागू किया जायेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि राष्ट्रीय बैंकों की तरह पारदर्शिता के लिये प्रदेश के 4523 पैक्स समितियों का कम्प्यूटराईजेशन कर आधुनिक स्वरुप दिया जायेगा।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें