किसान क्रेडिट कार्ड मिलने से साहूकार के कर्जे से मिली मुक्ति

प्रकाश, विक्रम, सुलाचना, उमेश के चेहरे खिले

कटनी  पशुपालन और मत्स्य पालन करने वाले जिले के किसानों को अपने व्यवसाय को चलाने के लिये साहूकार या रिश्तेदारों से औने पौने ब्याज दर पर कर्ज लेने से मुक्ति मिल गई है। सरकार ने अब किसानों को खेती-किसानी के काम के अलावा दुग्ध उत्पादक और मत्स्य पालक किसानों को भी किसान क्रेडिट कार्ड जारी करने का निर्णय लिया है।

            गरीब कल्याण सप्ताह के अन्तर्गत ’’सबको साख-सबका विकास’’ के जिलास्तरीय कार्यक्रम में आये पशुपालक सिन्दुरसी के रहने वाले प्रकाश पटैल, सुलोचना, विक्रम, लखन, जुहली के उमेश दुबे सहित अन्य किसान सरकार की शून्य प्रतिशत ब्याज की योजना के किसान क्रेडिट कार्ड से ऋण पाकर अत्यन्त खुश नजर आये। सिन्दुरसी के पशुपालक किसान प्रकाश को 36 हजार, सुलोचना को एक लाख 30 हजार, विक्रम को 36 हजार, जुहली के उमेश दुबे को 1 लाख 50 हजार, सतेन्द्र को एक लाख 5 हजार रुपये ऋण किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से पशुपालन व्यवसाय के लिये मिला है। इसी प्रकार मत्स्य पालन के लिये बहोरीबंद के संतोष बर्मन और खमतरा के जयकरण ठाकुर को मछुआ किसान क्रेडिट कार्ड के जरिये 20 हजार और 31 हजार रुपये का ऋण शून्य प्रतिशत ब्याज पर मिला है।

            पशुपालक और मछली पालन करने वाले इन हितग्राहियों का कहना है कि किसानों को क्रेडिट कार्ड के जरिये खेती किसानी का ऋण आसानी से मिल जाता था। लेकिन पशु पालकों और मछली पालन के लिये पहले एैसी व्यवस्था नहीं थी। उन्हे अपना रोजगार और काम धन्धे के लिये साहूकार के औने पौने ब्याज की दर पर अथवा रिश्तेदारों से कर्जा लेना पड़ता था। जिसको वापसी चुकाने में 4 से 5 प्रतिशत की ब्याजदर प्रतिमाह देनी पड़ती थी। अब सरकार ने पशुपालकों और मछली पालन के लिये भी बिना ब्याज की ऋण सहायता देकर बहुत बड़ा उपकार किया है। किसान क्रेडिट कार्ड से अपनी जरुरत की राशि निकालकर अपना व्यवसाय बढ़ा सकेंगे और साहूकार के कर्जे की चिन्ता भी नहीं रहेगी।

            सहायक आयुक्त सहकारिता डॉ0 अरुण मसराम बताते हैं कि प्रधानमंत्री किसान योजना एवं जीरो प्रतिशत ब्याज पर मंगलवार को ’’सबको साख-सबका विकास’’ के तहत जिले के 35 हजार 54 किसानों को 18068 लाख रुपये की साख सीमा के किसान क्रेडिट कार्ड जारी किये गये हैं। इसके साथ ही 59 पशुपालकों को 21 लाख 36 हजार ऋण सीमा के किसान क्रेडिट कार्ड, 270 मत्स्य पालकों को 15 लाख 68 हजार ऋण सीमा के किसान क्रेडिट कार्ड और प्रधानमंत्री किसान योजना में 2558 किसानों को 716 लाख 24 हजार रुपये ऋण सीमा के किसान क्रेडिट कार्ड जारी किये हैं।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें