पथ विक्रेता योजना से वर्षा के व्यवसाय को मिला संबल

कटनी  कटनी जिले के बड़वारा विकासखण्ड के ग्राम कुंआ में रहने वाली वर्षा सिंह बघेल अपने ही गांव में छोटी सी कपड़े की दुकान और जनरल स्टोर चलाती थीं। वर्षा सिंह का रोजगार भली प्रकार चल रहा था। लेकिन इसी बीच कोरोना महामारी और उसके चलते लॉकडाउन में उनका रोजगार व्यवसाय बुरी तरह से प्रभावित हुआ। रोजगार की गतिविधियां बंद होने से परिवार के गुजर बसर का संकट भी खड़ा हो गया।

            वर्षा सिंह अपने गांव में ही आजीविका मिशन के तहत गठित लकी स्वसहायता समूह की अध्यक्ष भी हैं। राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के पथ विक्रेता और छोटा-मोटा व्यवसाय करने वालों के लिये शुरु की गई मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ विक्रेता योजना की जानकारी मिलते ही वर्षा सिंह ने अपना आवेदन मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक बरही की शाखा में प्रस्तुत कर दिया। बैंक द्वारा वर्षा सिंह को कपड़ा और जनरल स्टोर की दुकान के लिये 10 हजार रुपये का ब्याज मुक्त ऋण भी वितरित कर दिया है। वर्षा का कहना है कि मुख्यमंत्री स्ट्रीट वेण्डर ऋण योजना से उनके व्यवसाय को पुनः चालू करने में बड़ा संबल और सहारा मिला है। उनकी व्यवसाय की गतिविधियां अब पुनः सशक्त हुई हैं और 400 से 500 रुपये की आमदनी भी प्रतिदिन मिल रही है। वर्षा सिंह अपने इस ब्याज मुक्त ऋण को समय पर और शीघ्र चुकता कर अगले साल 20 हजार रुपये के ऋण के लिये आवेदन करेंगी। ग्रामीण क्षेत्रों के लिये अपना व्यवसाय करने वाले फुटकर व्यवसायी और पथ विक्रेताओं के लिये अपना व्यवसाय पुनः स्थापित करने में मुख्यमंत्री ग्रामीण पथ विक्रेता योजना कारगर और आर्थिक संबल बन रही है।

 

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें