गांव-गांव में होगा पेयजल परीक्षण
पेयजल परीक्षण एवं स्वच्छता पखवाड़े का आयोजन 10 अक्टूबर तक
कटनी – कलेक्टर शशिभूषण सिंह के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश चन्द्र गोमे के मार्गदर्शन में जिले के विभिन्न ग्रामों में पेयजल के स्रोतों का लैब एवं एफटीके के माध्यम से परीक्षण किया जाएगा। शुक्रवार को कार्यपालन यंत्री ईमान सिंह बघेल ने जिला मुख्यालय से विभिन्न ग्रामों में प्रचार-प्रसार करने हेतु हरी झण्डी दिखाकर स्वच्छता रथ को रवाना किया गया।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री ईमान सिंह बघेल ने बताया कि प्रदेश शासन द्वारा 25 सितम्बर से 10 अक्टूबर 2020 तक पेयजल परीक्षण एवं स्वच्छता पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। इस अवधि में संबंधित उपखण्ड के अधीन पेयजल स्रोतों का जीवाणु परीक्षण प्रयोगशाला में किया जायेगा। पंचायत स्तर पर ग्रामरूट वर्कर द्वारा फील्ड टेस्ट किट के माध्यम से रासायनिक परीक्षण किया जाकर पेयजल स्रोतों का स्वच्छता सर्वेक्षण भी किया जायेगा। पेयजल परीक्षण एवं स्वच्छता पखवाड़े के दौरान किए जा रहे कार्यों के आंकड़े/ प्रगति की प्रविष्ठि प्रतिदिन आईएमआईएस पर उपलब्ध संबंधित प्रपत्र में अनिवार्यतः की जायेगी। इन कार्यों के प्रचार-प्रसार एवं पेयजल परीक्षण के सहयोग प्रदान करने हेतु जिला स्तर से स्वच्छता रथ को विभिन्न ग्रामों के लिए रवाना किया गया है। कार्यपालन यंत्री ईमान सिंह बघेल एवं सहायक यंत्री गोविंद भूरिया द्वारा हरी झण्डी दिखाकर रथ को रवाना किया गया।
इस दौरान जिला सलाहकार संजीव कुमार मिश्रा, विनय त्रिपाठी, विवेक कुमार सिंह, विकासखण्ड समन्वयक प्रिया कोरी, सत्यप्रकाश हल्दकार, उपयंत्री अनिल चुमलके, मैकेनिक उमेश व अन्य विभागीय कर्मचारी उपस्थित रहे।

