मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना में जिले के 1 लाख 31 हजार किसान होंगे लाभान्वित

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने फसल बीमा योजना के किसानों को बीमा राशि वितरण का किया शुभारंभ

कटनी  मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने गरीब कल्याण सप्ताह पखवाड़ा के अन्तर्गत शनिवार 26 सितम्बर को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मौसम आधारित फसल बीमा में लाभान्वित उद्यानिकी कृषकों को बीमा दावा राशि वितरण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होने मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के शुभारंभ अवसर पर प्रदेशभर के किसानों को योजना की प्रथम किश्त की राशि लाभान्वित किसानों के खाते में सिंगल क्लिक के माध्यम से अंतरित की। मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना में कटनी जिले के 1 लाख 31 हजार 10 किसान लाभान्वित होंगे, जिन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि 6 हजार के अलावा प्रदेश सरकार की योजना से 4 हजार रुपये भी प्रतिवर्ष मिलेंगे।

            मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान, राज्यमंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत और खाद्य प्रसंस्करण, उद्यानिकी राज्यमंत्री भारत सिंह कुशवाहा के संबोधन को जिलास्तरीय, तहसीलस्तरीय, कृषि विज्ञान केन्द्र स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में लाईव टेलीकास्ट और किसानों ने वेबकास्टिंग के माध्यम से देखा और सुना। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस मौके पर लाभार्थी किसानों, भोपाल के राधेश्याम मेहर, परवलिया सड़क के किसान, शहडोल जिले के गोहपारु के अरुणपाल और देवास जिले के उद्यानिकी कृषक देवेन्द्र दांगी से सीधी बातचीत की।

            मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के जिलास्तरीय कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में विधायक मुड़वारा संदीप जायसवाल और कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने योजना के लाभार्थी 8 किसानों को प्रतीक स्वरुप 2-2 हजार रुपये के चैक वितरित किये। इनमें कटनी तहसील के कृषक चन्द्रिका प्रसाद पटेल, प्रहलाद कोरी, बहोरीबंद के अशोक कुमार, रोहणी प्रसाद, विजयराघवगढ़ के बबली चौधरी और विनोद कुशवाहा, ढीमरखेड़ा के हरवंश सिंह और मनोहर यादव को योजना की प्रथम किश्त 2-2 हजार रुपये के चैक वितरित किये। इस मौके पर एसडीएम बलबीर रमन, डिप्टी कलेक्टर नदीमा शीरी, उप संचालक कृषि ए0के0 राठौर, तहसीलदार मुनौव्वर खान व संदीप श्रीवास्तव, एलडीएम उद्यम बानरा, सहायक अधीक्षक भू-अभिलेख मुन्ना लाल तिवारी सहित लाभार्थी कृषणगण उपस्थित रहे। प्रभारी भू-अभिलेख शाखा डिप्टी कलेक्टर नदीमा शीरी ने बताया कि जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त कर रहे एक लाख 31 हजार 10 किसानों को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना का लाभ मिलेगा। योजना के तहत रीठी तहसील के 17 हजार 619, बड़वारा के 13 हजार 17, विजयराघवगढ़ के 22 हजार 548, बहोरीबंद के 18 हजार 644, ढीमरखेड़ा के 18 हजार 523, स्लीमनाबाद के 12 हजार 917, कटनी नगर के 7202, कटनी ग्रामीण के 7395 और बरही तहसील के 13 हजार 145 किसानों को योजना का लाभ मिलेगा।

            राज्यस्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अन्तर्गत प्रदेशभर के 1 लाख 72 हजार उद्यानिकी कृषकों को 100 करोड़ रुपये की फसल बीमा दावा राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से अन्तरण किया। इस मौके पर उन्होने मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के लाभार्थी एक लाख 75 हजार किसानों को प्रथम किश्त की 2-2 हजार रुपये की राशि खाते में अन्तरित की। योजना के तहत प्रदेशभर के 77 लाख किसानों को लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर खेती-किसानी और राजस्व से संबंधी सीमांक एप का भी लोकार्पण किया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें