जिले के 5 उद्योगों को 2 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि स्वीकृत

जिलास्तरीय एमएसएमई प्रोत्साहन समिति की बैठक

कटनी  कलेक्टर शशिभूषण सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को सम्पन्न जिलास्तरीय बैठक में मध्यप्रदेश एमएसएमई प्रोत्साहन योजना 2019 के अन्तर्गत कटनी जिले की 5 औद्योगिक इकाईयों को 4 वर्ष के लिये उद्योग विकास अनुदान के रुप में 2 करोड़ 2 लाख 91 हजार रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है। इस मौके पर समिति के सदस्य महाप्रबंधक उद्योग अजय श्रीवास्तव, एलडीएम उद्यम बानरा भी उपस्थित थे।

            जिलास्तरीय बैठक में महाप्रबंधक उद्योग एवं व्यापार केन्द्र अजय श्रीवास्तव ने बताया कि राज्य शासन की उद्योग नीति के अनुसार मध्यप्रदेश एमएसएमई प्रोत्साहन योजना 2019 के अन्तर्गत औद्योगिक इकाईयों को प्रोत्साहन स्वरुप 4 वर्ष के लिये उद्योग विकास अनुदान स्वीकृत किये जाने का प्रावधान है। यह प्रावधान औद्योगिक प्लान्ट, मशीनरी एवं शेड निर्माण के अनुपात में स्वीकृत किया जाता है। जिलास्तरीय बैठक में मध्यप्रदेश एमएसएमई प्रोत्साहन योजना 2019 के तहत प्रस्तुत आवेदन के अनुसार मेसर्स श्रीराम पल्सेस एण्ड फूड औद्योगिक क्षेत्र बरगवां को 35 लाख 38 हजार, सुखसागर फूड प्रोडक्ट ग्राम पडुआ को विस्तार के लिये 21 लाख 75 हजार, केसी ब्रिक्स ग्राम खजूरी को विस्तार के लिये 21 लाख 36 हजार, मंगलम इंडस्ट्रीज पटैल ढ़ाबा के पास गैयतरा को 45 लाख 4 हजार और सतगुरु इन्डस्ट्रीज औद्योगिक क्षेत्र लमतरा को विस्तार के लिये 79 लाख 36 हजार रुपये उद्योग विकास अनुदान 4 वर्षों के लिये स्वीकृत किया गया है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें