सांची विधानसभा उपचुनाव के लिए आज से जमा किए जाएंगे नाम निर्देशन पत्र
( रायसेन )
अभ्यर्थी के साथ दो व्यक्तियों को रहेगी प्रवेश की अनुमति
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा उपचुनाव की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावशील हो गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उमाशंकर भार्गव ने बताया कि सांची विधानसभा उपचुनाव के लिए रायसेन एसडीएम श्री एलके खरे को रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया है तथा अभ्यर्थियों द्वारा नाम निर्देशन पत्र एसडीएम कार्यालय में जमा किए जाएंगे। भारत निर्वाचन आयोग के मापदण्डों तथा कोविड-19 के संबंध में जारी दिशा निर्देशों के अनुसार नाम निर्देशन पत्र प्राप्ति के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण हो गई है।
कलेक्टर श्री भार्गव ने निर्वाचन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि सांची विधानसभा उपचुनाव के लिए अभ्यर्थियों द्वारा नामांकन फार्म 09 अक्टूबर 2020 से भरे जाएंगे तथा नामांकन की अंतिम तिथि 16 अक्टूबर 2020 को दोपहर 03 बजे तक निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 17 अक्टूबर 2020 को की जाएगी तथा नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर 2020 को दोपहर 03 बजे तक निर्धारित की गई है। मतदान 03 नवम्बर 2020 को किया जाएगा तथा मतगणना 10 नवम्बर 2020 को की जाएगी। उपचुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता का पालन सुनिश्चित करने के लिए उड़नदस्ता दल, स्थैतिक निगरानी टीमें, सहायक व्यय प्रेक्षक, वीडियो निगरानी टीम, वीडियो व्यूयिंग टीम तथा व्यय निगरानी दल का गठन किया गया है।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा उपचुनाव के दौरान कोविड-19 संक्रमण की रोकथाम एवं बचाव के संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। सीईओ, डीईओ की वेबसाइट पर नामांकन फार्म ऑनलाइन उपलब्ध है। प्रत्याशी इसे ऑनलाइन भरकर इसका प्रिन्टआउट लेकर रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष प्रपत्र-1 में निर्दिष्टानुसार जमा कर सकेगा। सीईओ, डीईओ की वेबसाइट पर ही शपथ पत्र भी ऑनलाइन भरकर उसका प्रिन्ट लेकर, उसका नोटरीकरण करवाकर उसे रिटर्निंग अधिकारी के पास नामांकन फार्म के साथ जमा किया जा सकता है। प्रत्याशी सुरक्षा निधि को भी ऑनलाइन तरीके से निर्धारित प्लेटफार्म पर जमा कर सकते हैं। प्रत्याशी के पास ट्रेजरी में नगद जमा करने का विकल्प भी रहेगा। नामांकन जमा करते समय अभ्यार्थी के साथ केवल 2 ही व्यक्ति जा सकेंगे तथा वाहनों की संख्या भी अधिकतम 2 ही रहेगी।
सांची विधानसभा क्षेत्र में 29 सितम्बर 2020 की स्थिति में कुल 240775 मतदाता हैं, इनमें 128374 पुरूष मतदाता, 112392 महिला मतदाता तथा 09 अन्य मतदाता शामिल हैं। सर्विस वोटर्स की संख्या 181 है। सांची विधानसभा क्षेत्र में कुल 365 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं।
