रबी फसलों की सिंचाई के लिये 14725 हैक्टेयर क्षेत्र का लक्ष्य निर्धारित

जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक सम्पन्न

कटनी – जिले में औसत वर्षा से कम वर्षा होने और सिंचाई जलाशयों में पानी की कम उपलब्धता होने के फलस्वरुप वर्ष 2020-21 में रबी फसलों के लिये सिंचाई का लक्ष्य 14725 हैक्टेयर निर्धारित किया गया है। इस आशय की जानकारी सोमवार को कलेक्टर शशिभूषण सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक में दी गई। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत एसडीएम बहोरीबंद रोहित सिसोनिया, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन आर0के0 खुराना, कार्यपालन यंत्री नर्मदा घाटी विकास, उप संचालक कृषि ए0के0 राठौर, सहायक संचालक मत्स्योद्योग अंजू वर्मा सहित जल संसाधन विभाग के एसडीओ एवं उपयंत्री उपस्थित थे।

      जिला जल उपयोगिता समिति की बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने जल संसाधन और नर्मदा घाटी विकास की बरगी नहर की सिंचाई योजनाओं और जलाशयों में जल की उपलब्धता की जानकारी ली। उन्होने कहा कि कम वर्षा के फलस्वरुप जलाशयों और सिंचाई योजनाओं में संचित जल का बेहतर सदुपयोग करें। इसके साथ ही जिले में सिंचाई क्षमता और सिंचित क्षेत्र में वृद्धि के प्रयास भी सतत् रुप से संचालित रखे जायें। रबी फसलों की सिंचाई के लिये किसानों को दिक्कत नहीं हो, इसकी योजना बनाकर सिंचाई संरचनाओं से संचन जल प्रदाय करें। कार्यपालन यंत्री जल संसाधन राकेश कुमार खुराना ने बताया कि कटनी जिले में जल संसाधन विभाग के अन्तर्गत एक मध्यम, 89 लघु सिंचाई, 13 रेगुलेटर, 5 प्रत्यावर्तन, 4 बियर, 5 एनिकेट एवं 4 उद्वहन सिंचाई योजनायें मिलकर कुल 121 सिंचाई योजनायें हैं। इनकी रुपांकित सिंचाई क्षमता 26068 हैक्टेयर खरीफ और 12392 हैक्टेयर रबी मिलाकर कुल 38 हजार 460 हैक्टेयर है। मार्च 2020 में एक नया बिरहुली जलाशय का कार्य पूर्ण किया गया है। जिससे इस वर्ष 105 हैक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई प्रस्तावित है। बहोरीबंद के शांति नगर जलाशय एवं रीठी के पबरा जलाशय का सुधार कार्य पूर्ण कर फसलों की सिंचाई की जा रही है। जिले की वार्षिक कुल औसत वर्षा 1124 मिमी है। जिसके विरुद्ध चालू वर्ष में 808 मिमी वर्षा ही दर्ज हुई है। जिसके फलस्वरुप रुपांकित जल भण्डारण क्षमता 170 मिलियन घनमीटर के विरुद्ध 94 मिलियन घन मीटर जल ही जलाशयों में संग्रहित हुआ है, जोकि मात्र 55 प्रतिशत है। खरीफ फसलों में निर्धारित लक्ष्य 9394 हैक्टेयर के विरुद्ध 7369 हैक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई के बाद इन जलाशयों में 72 मिलियन घन मीटर यात्रि 42 प्रतिशत सिंचन जल शेष है। वर्ष 2020-21 में 14725 हैक्टेयर रबी फसलों की सिंचाई का लक्ष्य रखा गया है। इनमें बहोरीबंद जलाशय मध्यम सिंचाई योजना से गतवर्ष 5 हजार हैक्टेयर क्षेत्र में रबी फसलों को सिंचन जल दिया गया था। इस वर्ष भी रबी सिंचाई के लिये 5 हजार हैक्टेयर क्षेत्र में इस माध्यम सिंचाई योजना से सिंचन जल देने का लक्ष्य रखा गया है। शेष रबी फसलों के सिंचाई का लक्ष्य विभाग की अन्य सिंचाई परियोजना से पूरा किया जायेगा।

      कार्यपालन यंत्री नर्मदा घाटी विकास ने बताया कि बरगी नहर के माध्यम से कटनी जिले के ढीमरखेड़ा क्षेत्र के 15 गांव कवर होते हैं। जिनमें 1315 हैक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई की जाती है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें