शासकीय नर्सरियों से ही लिये जायेंगे पौधे

    अन्य शासकीय नर्सरियों को मनरेगा से विकसित करने के निर्देश

कटनी –

कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने उद्यानिकी विभाग की शासकीय नर्सरी खिरहनी और बड़वारा की तर्ज पर जिले की अन्य शासकीय नर्सरी को स्वसहायता समूहों के माध्यम से मनरेगा योजना के तहत विकसित करने के निर्देश दिये हैं। राज्य शासन के निर्देशानुसार सरकारी स्तर पर वृक्षारोपण के लिये अब शासकीय वानिकी या उद्यानिकी नर्सरी से ही पौधे क्रय किये जायेंगे। सोमवार को सम्पन्न समय सीमा प्रकरणों की बैठक में कृषि उत्पादन आयुक्त की समीक्षा बैठक में दिये गये निर्देशों के अनुक्रम में कलेक्टर ने विभिन्न विभागों द्वारा अनुपालन में की गई कार्यवाही की समीक्षा के दौरान यह निर्देश दिये। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे, एसडीएम बलबीर रमन, डिप्टी कलेक्टर नदीमा शीरी, संघमित्रा गौतम, आयुक्त नगर निगम सतेन्द्र धाकरे, तहसीलदार मुनौव्वर खान, संदीप श्रीवास्तव सहित जिला विभाग प्रमुख अधिकारी एवं जनपद पंचायतों के सीईओ उपस्थित थे।
समय सीमा प्रकरणों की बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने गतदिनों सम्पन्न कृषि उत्पादन आयुक्त की समीक्षा में दिये गये निर्देशों के अनुपालन में की गई कार्यवाहियों की जानकारी संबंधित विभागों से ली। उन्होने कहा कि पशुपालकों के किसान क्रेडिट कार्ड बनाने, दुग्ध संकलन की गतिविधियां और सांची के दुग्ध विक्रय पार्लर की स्थापना के लिये तेजी से प्रयास शुरु करें। एग्रीकल्चर इन्फ्रास्ट्रक्चर फण्ड के लिये नाबार्ड के सहयोग से खाद्य प्रसंस्करण इकाईयों की स्थापना हेतु कार्ययोजना और प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिये गये। उद्यानिकी विभाग के तहत जिले की सभी शासकीय नर्सरियों को विकसित करने और उद्यानिकी विभाग की खाद्य प्रसंस्करण की अनुदान वाली योजनाओं के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी कलेक्टर ने दिये हैं। मत्स्य विभाग की समीक्षा में मत्स्य क्षेत्र विस्तार, उत्पादन और उत्पादकता बढ़ाने के साथ ही प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना के प्रस्ताव 31 अक्टूबर तक तैयार कर भेजने के निर्देश दिये। धान उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा में कलेक्टर ने उपार्जन प्रारंभ होने के पूर्व खरीदी केन्द्रों की सभी व्यवस्थायें पूर्ण करने के निर्देश दिये। बताया गया कि उमरियापान, ढीमरखेड़ा और करेला में 30 हजार एमटी भण्डारण क्षमता के ओपेन कैप बनाने का काम शुरु कर दिया है। कलेक्टर ने सभी जनपदों को उनके यहां बनाये जाने वाले ओपेन कैप का कार्य प्रारंभ कर 10 नवम्बर तक पूर्ण कर लेने के निर्देश दिये।

कोविड-19 की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा क आमतौर पर रविवार एवं त्यौहारों के समय सैम्पल की संख्या में कमी आ जाती है। निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कोविड-19 के जांच सैम्पल प्रतिदिन लिये जायें। साथ ही गैप को भी पूरा करने का प्रयास किया जाये। जिला अस्पताल के नवनिर्मित आधुनिक ऑपरेशन थियेटर के 22 अक्टूबर को प्रस्तावित वर्चुअल लोकर्पण की तैयारी और मेडिकल कॉलेज की स्थापना संबंधी वांछित जानकारी शीघ्र भेजने के निर्देश भी कलेक्टर श्री सिंह ने दिये।

दशहरा, दीपावली एवं अन्य आगामी त्यौहारों के कानून और व्यवस्था की स्थिति सुदृढ़ रखने, विद्युत आपूर्ति सुचारु बनाये रखने, दुर्गा पण्डालों में सुरक्षित विद्युत व्यवस्था की जांच करने और कन्ट्रोल रुम में जेई स्तर के एक अधिकारी की सतत् ड्यूटी लगाने के निर्देश दिये गये। मिलावटी एवं दूषित शराब के सेवन से होने वाली अप्रिय घटनाओं को रोकने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों का सतत् निरीक्षण करने आबकारी दल भी गठित करने के निर्देश दिये।

कलेक्टर श्री सिंह ने गरीब कल्याण रोजगार अभियान की मदवार निर्माण कार्यों की समीक्षा में कहा कि 20 अक्टूबर तक योजना के सभी मानदण्डों के अनुसार लक्ष्य पूर्ति की जाये। सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे ने बताया कि योजना की 25 प्रकार की गतिविधियों में से उद्यानिकी और ठोस एवं द्रव अवशिष्ट प्रबंधन में कटनी जिला ’’डी’’ श्रेणी में है। शेष सभी गतिविधियों में ‘‘ए’’ श्रेणी में शामिल है। समय सीमा प्रकरणों की बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने तहसीलवार और जनपद पंचायतवार विभिन्न विषयों में प्राप्त सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा में समय सीमा और संतुष्टिपूर्ण निराकरण के निर्देश दिये।

बैठक में विभागवार संतुष्टिपूर्ण निराकरण, समय सीमा बाह्य प्रकरण, सीएम मानिट, सेन्ट्रल पीजी सेल के प्रकरण, समय सीमा के उत्तरा सॉफ्टवेयर पर दर्ज 19 अप्रारंभ और प्रगतिरत 71 समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा की। कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत अब लोक सेवा केन्द्र के माध्यम से भी आयुष्मान कार्ड बन सकेंगे। इसके अलावा लोक सेवा केन्द्रों में दी जाने वाली और सुविधाओं को बढ़ाकर इसे सीएससी की तरह बनाया जा रहा है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें