आत्मनिर्भर भारत में छोटे-छोटे उद्यम लगायें – कलेक्टर
सांसद आदर्श ग्राम में लगाई चौपाल
कटनी –
कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने शुक्रवार को ग्रामीण क्षेत्र के भ्रमण के दौरान कटनी के सांसद आदर्श ग्राम बंडा में ग्रामीणों और महिला स्वसहायता समूहों की चौपाल लगाकर ग्राम विकास के संबंध में चर्चा की तथा उन्हें आत्मनिर्भर भारत, एग्रीकल्चर इन्फ्रास्ट्रक्चर फण्ड योजना की जानकारी देकर संभावना के अनुरुप लाभ उठाने की सलाह दी। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे, महाप्रबंधक उद्योग अजय श्रीवास्तव, एलडीएम उद्यम वानरा, आजीविका मिशन की जिला परियोजना प्रबंधक शबाना बेगम, परियोजना अधिकारी उद्यानिकी सूर्यभान सिंह सहित विभिन्न विभागों के मैदानी अधिकारी भी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने आदर्श ग्राम बंडा में स्वसहायता समूह की महिलाओं द्वारा जैविक खेती, जैविक उत्पाद, सब्जी, मसाले खेती की संबंध में चर्चा कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रोजेक्ट तैयार करने के निर्देश दिये। उन्होने ग्रामीणों से लगभग 3 घंटे बैठकर शासकीय योजनाओं, कार्यक्रमों के क्रियान्वयन, स्थानीय समस्यायें और ग्राम विकास की योजना के संबंध में चर्चा की। स्वसहायता समूह की महिलाओं ने बताया कि गांव में टमाटर की प्रचुर मात्रा में खेती होती है। यहां टमाटर के फूड प्रसंस्करण, कैचअप, टोमेटो सॉस के उद्यम आसानी से चल सकते हैं। इसी प्रकार आलू और मसाले की जैविक पद्धति से प्रचुर उत्पादन गांव में हो रहा है। कलेक्टर श्री सिंह ने उद्योग, बैंक और उद्यानिकी के अधिकारियों को जागृति, आदर्श एवं जयलक्ष्मी तीनों महिला स्वसहायता समूहों को टमाटर कैचअप, आलू चिप्स की इकाईयों के साथ अन्य समूहों को कोल्ड रुम, पैक हाउस, प्याज संग्रहण केन्द्र स्थापित करने के प्रस्ताव बनाने के निर्देश दिये। इसी प्रकार गांव में महिला स्वसहायता समूहों की 45 सिलाई प्रशिक्षित महिलाओं को स्कूल यूनीफॉर्म तथा अन्य शासकीय सिलाई के कार्य देने के निर्देश दिये। महाप्रबंधक उद्योग ने बताया कि ग्राम बंडा के 5 युवाओं ने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के माध्यम से ऋण और अनुदान स्वीकृत किया गया है। इनमें अशोक कोल और शुभम सोनी को सैटरिंग व्यवसाय के लिये 4-4 लाख, ज्योति कुशवाहा को कागज डिस्पोजल यूनिट के लिये 3 लाख, राम सिंह को फोटो स्टूडियो के लिये 3 लाख और पवन कुमार को वैल्डिंग वर्कशॉप के लिये 3 लाख रुपये का प्रकरण बैंकों द्वारा स्वीकृत किया गया है। कलेक्टर श्री सिंह ने हितग्राहियों को शीघ्र ऋण वितरण कराने, बंडा की भजन मंडलियों को वाद्ययंत्र खरीदने स्वीकृत राशि शीघ्र दिलाने के निर्देश भी दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने बंडा ग्राम में कराये जा रहे विकास और निर्माण कार्यों की जानकारी लेते हुये ग्राम के परिवेश को साफ और स्वच्छ रखने, सीसी रोड और नाली बनाने तथा निर्मित शौचालयों में पानी की व्यवस्था कर सभी को उपयोगी बनाने के निर्देश दिये।

सचिव ग्राम पंचायत ने बताया कि जल जीवन मिशन योजना में बंडा ग्राम के लिये 64 लाख रुपये की नलजल योजना स्वीकृत है। अभी 7-8 घरों में स्पॉट सोर्स नल योजना से पानी दिया जा रहा है। गांव में 364 व्यक्तिगत शौचालय हैं तथा प्रधानमंत्री आवास योजना में 32 आवास हितग्राहियों द्वारा बनाये जा रहे हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने सिंचाई के लिये मिल रही बिजली, खाद्यान्न वितरण, पात्रताधारी परिवार, पेंशन वितरण सहित अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन एवं लाभार्थियों की जानकारी ली। उन्होने गांव में उपलब्ध 42 विद्युत पोल पर स्ट्रीट लाईट लगाने के निर्देश भी दिये।

