सीएम हेल्पलाईन में संतुष्टिपूर्ण निराकरण का प्रतिशत बढ़ायें – कलेक्टर
समय सीमा प्रकरणों की बैठक सम्पन्न
कटनी – कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने सभी विभाग प्रमुख अधिकारियों को सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों में संतुष्टिपूर्ण निराकरण का प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश दिये हैं। उन्होने कहा है कि प्रकरण में आवेदक से शिकायत के संबंध में स्वयं चर्चा कर प्रकरणों का निराकरण करायें ताकि संतुष्टिपूर्ण निराकरण का प्रतिशत बढ़ सके। मंगलवार को समय सीमा प्रकरणों संबंधी समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाईन समय सीमा बाह्य प्रकरण, सीएम हाउस, सीएम मानिट के प्राप्त प्रकरण सहित समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा की। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे, आयुक्त नगर निगम सतेन्द्र धाकरे, एसडीएम बलबीर रमन सहित विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
समय सीमा प्रकरणों की बैठक में सीएम हेल्पलाईन की समीक्षा के दौरान सहकारिता, आदिम जाति कल्याण सहित 18 विभागों के निराकरण का संतुष्टिपूर्ण प्रतिशत 50 से कम पाया गया। कलेक्टर श्री सिंह ने इसे बढ़ाने के निर्देश देते हुये कहा कि संतुष्टिपूर्ण निराकरण का प्रतिशत न्यूनतम 60 प्रतिशत होना चाहिये। कलेक्टर ने सेन्ट्रल पीजी के प्रकरणों की समीक्षा की। जिसमें इस सप्ताह 60 प्रकरणों का निराकरण पाया गया। समय सीमा बाह्य लंबित 38 प्रकरणों में नायब तहसीलदार रवीन्द्र पटेल के खाते में सर्वाधिक 30 और नायब तहसीलदार पहाड़ी के खाते में 5 प्रकरण लंबित होने पर संबंधित तहसीलदार को निराकरण करने के निर्देश दिये। जिला परियोजना समन्वयक सर्वशिक्षा को बिना अनुमति मुख्यालय से बाहर रहने और अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। लोक सेवा केन्द्र से बन रहे आधार कार्ड और आयुष्मान भारत योजना के कार्ड की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि लोक सेवा केन्द्रों से भी यह सुविधा प्रारंभ की गई है। इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करें और पात्र हितग्राहियों के कार्ड बनवायें।

टॉपर्स को शाबासी, बॉटमर्स को दी हिदायत
कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने गतसप्ताह सीएम हेल्पलाईन में अच्छा काम करने वाले 5 टॉपर्स अधिकारियों को शाबासी दी, वहीं खराब प्रदर्शन पर बॉटम के 5 अफसरों को काम में सुधार लाने की हिदायत दी। इस सप्ताह टॉप 5 अधिकारियों में परिवहन विभाग के आरटीओ एम.डी. मिश्रा 100 प्रतिशत, सीडीपीओ विद्या पाण्डे 100 प्रतिशत, सहायक यंत्री पीएचई बी.पी. चक्रवर्ती 89.66 प्रतिशत, नगर निगम के संजय चौदहा 83.58 प्रतिशत और पुलिस विभाग के निरीक्षक सुधाकर वास्कर द्वारा 83.33 प्रतिशत संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के फलस्वरुप सर्वोच्च श्रेणी में रहे। जबकि ऊर्जा विभाग के जूनियर इंजीनियर बाकल वीरेन्द्र उईके, पुलिस के सुधाकर वास्कर, सीईओ ढीमरखेड़ा विनोद पाण्डे, सीडीपीओ बड़वारा रविशंकर पाण्डे और बीएमओ रीठी सुनील पराशर इस सप्ताह जीरो प्रतिशत संतुष्टिपूर्ण निराकरण के फलस्वरुप बॉटम के 5 अधिकारियों में शामिल रहे। कलेक्टर ने बॉटम 5 के अधिकारियों को परफॉर्मेन्स में सुधार लाने के निर्देश दिये और हमेशा टॉप 5 में रहने वाले पीएचई के सहायक यंत्री बी.पी. चक्रवर्ती की सराहना की।

