मिलावट से मुक्ति अभियान में कड़ी और प्रभावी कार्यवाही करें – कलेक्टर
कटनी – कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने खाद्य सुरक्षा, राजस्व और स्वास्थ्य अधिकारियों को मिलावटी अपमिश्रित, अमानक खाद्य पदार्थों के विक्रय, भण्डारण और उत्पादन के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान में दोषियों के विरुद्ध कड़ी और प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं। उन्होने कहा कि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सम्पूर्ण अभियान के नोडल अधिकारी बनाये गये हैं। मिलावट से मुक्ति अभियान के तहत जिलास्तर और अनुविभाग स्तर पर एसडीएम के नेतृत्व में दल गठित कर पूरे जिले में प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। राशन माफिया तत्वों और अमानक वस्तुओं के उत्पादन कर्ताओं के विरुद्ध निर्माण स्थल पर सघन जांच की कार्यवाही करें।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा विगत दिनों ली गई समीक्षा बैठक में दिये गये निर्देशों के अनुक्रम में कलेक्टर ने कहा कि धान उपार्जन में सभी तैयारियां दुरुस्त रखें। दूसरे प्रदेशों से आने वाली धान पर कड़ी निगरानी रखी जाये और अवैध रुप से आने वाली धान को राजसात करने की कार्यवाही की जाये। कलेक्टर ने कहा कि सीएम किसान कल्याण योजना के पात्र किसानों का अपलिंकिंग 30 नवंबर तक अनिवार्य रुप से पूर्ण कर लें। इसी प्रकार मुख्यमंत्री ग्रामीण स्ट्रीट वेण्डर और प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर स्वनिधि शहरी स्ट्रीट वेण्डर योजना के स्वीकृत हितग्राहियों को ऋण वितरण 30 नवम्बर तक लक्ष्यानुसार सुनिश्चित करें। धान के भण्डारण के लिये ग्रामीण क्षेत्रों में बन रहे ओपेन कैप, सामुदायिक स्वच्छता परिसरों में पानी की उपलब्धता, शेष गौशालाओं में विद्युत प्रकाश की व्यवस्था का कार्य 30 नवम्बर तक सुनिश्चित रुप से पूर्ण करने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिले में यूरिया एवं अन्य उर्वरक की पर्याप्त आपूर्ति है। किसानों को खाद की कोई कमी अथवा समस्या नहीं आनी चाहिये। राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा में कलेक्टर ने कहा कि राष्ट्रीय सम्पूर्ण टीकाकरण में कटनी जिले का नाम बॉटम के 10 जिलों में है और कुल उपलब्धि 70 प्रतिशत है। जिले में सम्पूर्ण टीकाकरण की गतिविधियों में सुधार लायें।

