32 मछुआ हितग्राहियों को मोटर साईकल वितरित
( कटनी ) –
मत्स्य पालन विभाग की नील क्रांति योजना में मत्स्य विक्रेता एवं मछुआ हितग्राहियों को अनुदान पर मोटर साईकल और आईस बॉक्स प्रदाय किये जाते हैं। विश्व मछुआ दिवस के अवसर पर कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने जिले के 32 पात्र मछुआ हितग्राहियों को मोटरसाईकल और आईस बॉक्स प्रदान किये। इस मौके पर सहायक संचालक मत्स्य अनीता चौधरी एवं सहायक मत्स्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

सहायक संचालक मत्स्य श्रीमती चौधरी ने बताया कि नील क्रांति योजना में मछुआ हितग्राहियों को मत्स्य विक्रय एवं व्यवसाय में सहायता के लिये राज्य शासन द्वारा मोटरसाईकल पर सामान्य वर्ग को 20 हजार रुपये और अनुसूचित जाति, जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को 36 हजार रुपये की अनुदान सहायता और आईस बॉक्स प्रदान किया जाता है। कलेक्टर श्री सिंह ने विश्व मत्स्य दिवस की शुभकामनायें देते हुये पात्र 32 हितग्राहियों को नई मोटरसाईकल की चाबी प्रदान की। इन 32 मछुआ हितग्राहियों को मोटर साईकल और आईस बॉक्स क्रय करने सामान्य वर्ग के 22 हितग्राहियों को 20 हजार रुपये के मान से 5 लाख 28 हजार और अनुसूचित जाति, जनजाति के 10 हितग्राहियों को 36 हजार रुपये के मान से 3 लाख 60 हजार रुपये का अनुदान नील क्रांति योजना के तहत शासन द्वारा स्वीकृत किया गया है।

