कलेक्टर ने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर देखीं व्यवस्थायें
( कटनी )
कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने बुधवार को जिला चिकित्सालय कटनी का भ्रमण कर अस्पताल की व्यवस्थायें एवं मरीजों को दी जाने वाली उपचार सेवाओं सहित जिला अस्पताल के निर्माण और विकास कार्यों का जायजा लिया। इस मौके पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रदीप मुढि़या, सिविल सर्जन डॉ. यशवंत वर्मा, एसडीएम बलबीर रमन, महामारी विशेषज्ञ डॉ. राशि गुप्ता, डीपीएम घनश्याम मिश्रा, डॉ. ठाकुर, डॉ. समीर सिंघई, पीआईयू के अधिकारी भी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर सिविल सर्जन ऑफिस के सामने वाहन पार्किंग, मैकेनाईज्ड लॉंड्री का अवलोकन किया। उन्होने वाहन पार्किंग को आरओबी के नीचे सीएमएचओ ऑफिस के पास रिक्त हुई भूमि में अस्पताल की बड़े वाहनों की पार्किंग शिफ्ट करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने पूरे जिला अस्पताल परिसर का भ्रमण कर परिसर की साफ-सफाई और चल रहे विकास कार्यों का अवलोकन किया। उन्होने अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन 150 बैडेड मातृत्व वार्ड का भी निरीक्षण किया और 31 मार्च 2021 तक निर्माण पूरा कर जिला अस्पताल को हैण्डओव्हर करने के निर्देश पीआईयू के अधिकारियों को दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने नवीन मातृत्व वार्ड के लिये मुड़वारा स्टेशन की ओर से ब्लडबैंक और वैक्सीन स्टोर के बीच से एक पृथक मार्ग बनाने के निर्देश अधिकारियों को दिये।

कलेक्टर श्री सिंह ने जिला चिकित्सालय के विभिन्न वार्डों के निरीक्षण के दौरान फीवर क्लीनिक ओपीडी, आयुष्मान कक्ष, शिशुरोग कक्ष, मातृत्व वार्ड, एक्सरे, पैथालॉजी, प्रसूति वार्ड, ट्रूनाट लैब और ई-संजीवनी कक्ष का भी अवलोकन कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर श्री सिंह ने सीएमएचओ सभाकक्ष के बगल में स्थापित खाद्य सुरक्षा कार्यालय का भी निरीक्षण कर गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली।
होम आईसोलेट मरीज से किया वीडियो कॉल
कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने जिला अस्पताल के भ्रमण के दौरान कोविड कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेन्टर का निरीक्षण कर जायजा लिया। ई-संजीवनी कक्ष में स्थापित कोविड कमाण्ड सेन्टर के माध्यम से होम आईसोलेशन में उपचाररत कोरोना पॉजीटिव मरीजों को दी जा रही परामर्श सेवाओं एवं उपचार सेवाओं की जानकारी ली। कन्ट्रोल सेन्टर प्रभारी डॉ. रुकमणी ने बताया कि वर्तमान में 26 कोरोना पॉजीटिव मरीज होम आईसोलेशन में उपचार स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। जिन्हें दिन में दो बार वीडियो कॉलिंग के माध्यम से उपचार एवं परामर्श सेवायें दी जा रही हैं। तथा उनके स्वास्थ्य की निगरानी की जा रही है। आईसोलेट मरीजों की सम्पूर्ण जानकारी सार्थक एप और पोर्टल पर एन्ट्री की जा रही है।

कलेक्टर श्री सिंह ने स्वयं होम आईसोलेशन में रह रहे पॉजीटिव मरीज से वीडियो कॉलिंग के माध्यम से उनकी कुशलक्षेम पूछी तथा उन्हें दी जा रही उपचार और परामर्श सेवाओं की जानकारी ली। मरीज को शीध्र स्वस्थ्य होने की कामना करते हुये कलेक्टर ने उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल कोविड कमाण्ड एण्ड कन्ट्रोल सेन्टर को अवगत कराने की सलाह दी।

