निर्माण कार्यों में जानकारी के बोर्ड लगायेंः कलेक्टर
कलेक्टर ने किया ग्रामीण क्षेत्रों की निर्माणाधीन सड़कों का निरीक्षण
कटनी – कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने शुक्रवार को ग्रामीण क्षेत्र का भ्रमण कर लोकनिर्माण विभाग द्वारा निर्मित और निर्माणाधीन विभिन्न सड़क, निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यस्थल पर योजना का नाम स्वीकृत कार्य की जानकारी से संबंधित प्रदर्शन बोर्ड भी लगाने के निर्देश दिए। भ्रमण के दौरान कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण हरिसिंह ठाकुर और एसडीओ लोकनिर्माण विभाग भी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने सबसे पहले झिंझरी से बिलहरी जाने वाले मार्ग पर बिलहरी गेट तिराहे पर चल रहे सौन्दर्यीकरण और सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने बिलहरी गेट पर लाइटिंग कराने और तिराहे पर दोनोे ओर के फुटपाथ के बाद बच रहे स्थान पर ग्रीन पैच विकसित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कार्य में गति लाकर बिलहरी गेट के तिराहे और सडक, फुटपाथ का कार्य 31 दिसंबर तक पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर श्री सिंह ने पीरबाबा दरगाह के पास पीरबाबा से बायपास तक सड़क के दोनों किनारों पर सीमेंट पेवर ब्लाक बिछाने के प्रस्तावित कार्य का भी अवलोकन किया। कार्यपालन यंत्री एच.एस. ठाकुर ने बताया कि पीरबाबा दरगाह के पास अवागमन में भारी वाहनों का जमाव रहता है। पीरबाबा से बायपास तक मुख्य सड़क के दोनों किनारों पर 1200 मीटर की लंबाई में ढाई-ढाई मीटर सीमेंट कांक्रीट पेवर ब्लाक बिछाने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है।
कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग के विभागीय मद से नवीनीकरण के तहत 7.2 किलोमीटर लंबाई की स्वीकृत पहाड़ी से निवार सड़क के सुदृढीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पहाड़ी में पूर्व की निर्मित आर.आर.सी सड़क के गड्ढे भरने के साथ ही पानी की निकासी के लिए आवश्यकतानुसार अतिक्रमण हटाकर सोल्डर की उंचाई कम करने के निर्देश दिए। कार्यपालन यंत्री श्री ठाकुर ने बताया कि सड़क के फारेस्ट एरिया में पड़ने वाले भाग में साफ सफाई और चौड़ीकरण कर निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। नेशनल डेवलपमेंट बैंक के तहत बनने वाली सड़कों में तृतीय फेज में इस सड़क को भी प्रस्तावित किया गया है। कलेक्टर श्री सिंह ने देवरी हटाई से छपरवाह तक बनने वाली सड़क को दस दिवस के भीतर निर्माण शुरू करने के निर्देश निविदाकार को दिए।

पठरा में देखी डीएमएफ से निर्मित सड़क
कलेक्टर शशिभूषण ने ग्रामीण क्षेत्र के भ्रमण के दौरान कटनी मैहर मार्ग पर बड़ेरा के समीप ग्राम पंचायत पठरा में जिला खनिज प्रतिष्ठान (डीएमएफ) मद से निर्मित पठरा -जोबीकला और पठरा-करहिया सड़क मार्ग का भी निरीक्षण किया। पठरा से जोबीकला तक सड़क मार्ग डीएमएफ मद से 1100 मीटर और पठरा से करहैया तक एक कि.मी. की ग्रामीण सड़क लोकनिर्माण विभाग द्वारा निर्मित की गई है। कलेक्टर श्री सिंह ने ग्रामीण सड़कों के सोल्डर बनाने और निर्माण स्थल पर कार्य की जानकारी का बोर्ड भी लगाने के निर्देश अधिकारियों को दिये।

