लोकसेवा केन्द्रों से आयुष्मान कार्ड और अधिसूचित सेवाओं का वितरण


कलेक्टर ने किया लोकसेवा केन्द्रों का निरीक्षण, वितरित किये कार्ड

कटनी – कलेक्टर शशिभूषण के निर्देशानुसार जिले के सभी 8 लोकसेवा केन्द्रों से 47 शासकीय विभागों की 473 अधिसूचित सेवाओं के अलावा आधार कार्ड और आयुष्मान भारत योजना के कार्ड प्रदान करने की सुविधायें दी जा रही हैं। कलेक्टर के निर्देशन पर पूरे जिले में 27 नवंबर को सभी लोक सेवा केन्द्रों में एसडीएम, तहसीलदार प्राधिकृत अधिकारियों एवं स्थानीय जन प्रतिनिधियों की उपस्थिति में समारोह पूर्वक आम नागरिकों को आयुष्मान कार्ड एवं अधिसूचित सेवायें प्रदान की गई। कलेक्टर श्री सिंह ने लोक सेवा केन्द्र कटनी ग्रामीण और लोक सेवा केन्द्र शहरीय कटनी का शुक्रवार को निरीक्षण किया और इस दौरान उन्होंने लोकसेवा केन्द्र शहरी कटनी में आयोजित कार्यक्रम में 8 हितग्राहियों को आयुष्मान भारत के कार्ड और दो आवेदकों को विधवा पेंशन स्वीकृति पत्र तथा स्थानीय निवास प्रमाण पत्र समाधान एक दिन के तहत वितरित किये। इस मौके पर लोक सेवा प्रबंधन के जिला प्रबंधक दिनेश विश्वकर्मा, डिप्टी कलेक्टर नदीमा शीरी, महाप्रबंधक उद्योग अजय श्रीवास्वत, सहायक श्रम पदाधिकारी एवं प्राधिकृत अधिकारी सूर्यकांत सिरवैया भी उपस्थित रहे।

जिला प्रबंधक लोक सेवा दिनेश विश्वकर्मा ने बताया कि लोक सेवा केन्द्र से आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड एक दिवस समाधान तथा शासन के 47 विभागों की 473 अधिसूचित सेवाओं की जानकारी सभी पात्र हितग्राहियों तक पहुंच सके और लोक सेवा केन्द्र के एक प्लेटफार्म पर एक ही जगह से आम नागरिक बिना भटके समय सीमा में प्राप्त कर सके। इस उद्देश्य को लेकर कलेक्टर श्री सिंह के निर्देशानुसार जिले के सभी जिले के सभी 8 लोक सेवा केन्द्रों में समारोह पूर्वक कार्यक्रम किये गये। जिला प्रबंधक ने बताया कि जिले के सभी 8 लोकसेवा केन्द्रों कलेक्ट्रेट कटनी, कटनी ग्रामीण, बड़वारा, रीठी, विजयराघवगढ़, ढीमरखेड़ा,बरही, और बहोरीबंद से आयुष्मान भारत निरामय लाभार्थी कार्ड के साथ-साथ आधार कार्ड तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम में अधिसूचित सेवाओं समाधान एक दिवस तत्तकाल सेवा में साइबर ट्रेजरी चालान, लाड़ली लक्ष्मी योजना, जननी सुरक्षा योजना, प्रसूति सहायता, सामाजिक विधवा पेंशन, ड्रायविंग लाइसेंस, वाहन पंजीयन, दिव्यांग प्रमाण पत्र, पेट्रोल-डीजल मुद्रांकन सत्यापन की सेवा, ट्रेड लाइसेंस, बिजली के बिल, नवीन बिजली के कनेक्शन जैसी महत्वपूर्ण सेवायें प्रदान की जा रही हैं।

कलेक्टर श्री सिंह की विशेष पहल पर आयुष्मान भारत कार्ड बनाने की सेवायें भी लोकसेवा केन्द्रों में शुरू की गई हैं जिसमें राष्ट्रीय खाद्य पर्ची, संबंल कार्ड धारी, एसईसीसी 2011 के सर्वे अनुसार पात्र हितगा्रही अपना आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए परिवार की समग्र आई.डी. राशन कार्ड, आधार कार्ड, मतदान पहचान पत्र या कोई सरकारी पहचान दस्तावेज के साथ लोक सेवा केंद्र पहुंचकर निर्धारित शुल्क तीस रूपये के साथ अपना कार्ड बना सकते हैं । आयुष्मान भारत में प्रत्येक कार्डधारी परिवार के सदस्यों को चिन्हित प्रायवेट और बड़ी अस्पताल में 5 लाख रूपये प्रतिवर्ष तक का निःशुल्क इलाज मिलता है।

कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने लोक सेवा केन्द्र शहरी के कार्यक्रम में श्रीमती सुशीला देवी, अमृतलाल कटारिया, गणेशीबाई रजक, अयोध्या प्रसाद तिवारी, रवि रैकवार (चायवाला), ज्योति कुशवाह, आरती सिंह और जसवंत सिंह को आयुष्मान भारत योजना के तैयार कार्ड वितरित किये। उन्होंने समाधान एक दिन तत्तकाल सेवा के तहत सुधा गुप्ता को विधवा पेंशन स्वीकृति के दस्तावेज छात्र सहर्ष जीत को सैनिक स्कूल में भर्ती के लिए आवश्यक निवास प्रमाण पत्र भी वितरित किया। कलेक्टर ने लोकसेवा केन्द्र शहरी तथा ग्रामीण का निरीक्षण किया और लोक सेवा केन्द्र की गतिविधियों और प्रदान की जा रही सेवाओं का जायजा लिया। इस मौके पर कार्यालय सहायक शरद पांडे, केन्द्र संचालक अलका अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, रघुवंश पांडे, कपिल द्विवेदी, रामदत्त गुप्ता एव प्रदीप गुप्ता भी उपस्थित थे। जिले के अन्य तहसीलों में भी स्थापित लोकसेवा केन्द्रों से शुक्रवार को आयुष्मान कार्ड के लाभर्थियों को कार्ड एवं नागरिकों को अधिसूचित सेवाओं का वितरण समारोह पूर्वक किया गया।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें