गरीब कल्याण रोजगार अभियान में कटनी संभाग में प्रथम, प्रदेश में टॉप थ्री जिला

( कटनी ) –

कोरोना संक्रमण काल में लॉकडाउन की अवधि में अपने घर-गांव लौटे अप्रवासी मजदूरों को स्थानीय रोजगार उपलब्ध कराने की दृष्टि से भारत सरकार द्वारा लागू की गई गरीब कल्याण रोजगार अभियान के क्रियान्वयन में कटनी जिला संभाग में प्रथम और प्रदेश के टॉप थ्री जिलों में स्थान अर्जित कर चुका है।

कमिश्नर जबलपुर बी. चन्द्रशेखर द्वारा की गई ग्रामीण विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे ने बताया कि कलेक्टर शशिभूषण सिंह के निर्देशन में जिले में संचालित गरीब कल्याण रोजगार अभियान के तहत 25 गतिविधियाों के तहत विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों में लक्ष्य से अधिक 136 प्रतिशत की उपलब्धि हासिल कर 37 लाख 77 हजार 498 मानव दिवस का रोजगार अर्जित किया गया है। जबकि जिले में अप्रावासी मजदूरों की संख्या के आधार पर जिले को 27 लाख 72 हजार 167 मानव दिवस के रोजगार अर्जन का लक्ष्य दिया गया था। अभियान की अवधि में निर्माण कार्यों में रोजगार के अवसर देने कुल 249 करोड़ रुपये की राशि व्यय हुई है।

कटनी जिला गरीब कल्याण रोजगार अभियान के सफलता पूर्वक क्रियान्वयन में संभाग में प्रथम स्थान पर और प्रदेश के जिलों में टॉप थ्री जिला रहा है। अभियान के तहत जिले में 177 कम्युनिटी सेनेटरी कॉम्पलेक्स, 7 ग्राम पंचायत भवन, 43 करोड़ के वित्त आयोग के कार्य, 37 नेशनल हाईवे सड़क के कार्य, 2636 जल संरक्षण और संवर्धन के कार्य, 202 सिंचाई कूप, 40 स्थानों पर वृक्षारोपण, 40 उद्यानिकी नर्सरियां, 4178 ग्रामीण आवास, 2 ग्रामीण सड़क संपर्क, 83 प्रशिक्षण, 30 करोड़ रुपये लागत के जिला खनिज मद के कार्य, 245 ठोस एवं द्रव अपशिष्ठ प्रबंधन के कार्य, 207 खेत तालाब, 83 कैटल शेड, 18 बकरी शेड, 40 आंगनबाड़ी केन्द्र, 51 मुर्गी पालन शेड और 41 वर्मी कम्पोस्ट पिट के कार्य पूर्ण किये गये हैं।

सीईओ जिला पंचायत ने बताया कि अमूमन योजना के सभी घटकों में शत-प्रतिशत् उपलब्धि हासिल की गई है। जबकि आंगनबाड़ी निर्माण, जल संरक्षण, ग्रामीण आवास, खेत तालाब में लक्ष्य से कई गुना उपलब्धि हासिल की गई है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें