खाद्य सुरक्षा की जांच और कार्यवाहियां निरंतर जारी रहें – कलेक्टर

( कटनी ) –

समय सीमा प्रकरणों की बैठक

कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने राज्य शासन के मिलावट से मुक्ति अभियान के अन्तर्गत अपमिश्रण और अमानक खाद्य पदार्थों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा की जांच और कार्यवाहियां निरन्तर जारी रखने के निर्देश दिये हैं। सोमवार को सम्पन्न समय सीमा प्रकरणों की बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि खाद्य पदार्थों की जांच और उर्वरकों-बीजों के गुण नियंत्रण का अभियान सतत् रुप से संचालित करें और अनियमिता या गड़बड़ी मिलने पर एफआईआर और कड़ी वैधानिक कार्यवाहियां अमल में लायें। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे, आयुक्त नगर निगम सतेन्द्र धाकरे, एसडीएम बलबीर रमन, डिप्टी कलेक्टर नदीमा शीरी सहित समस्त विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।

धान उपार्जन कार्य की समीक्षा में कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सर्वेयर द्वारा धान रिजेक्ट करने की शिकायतें मिल रही हैं। सुनिश्चित करें कि खरीदी केन्द्रों में अमानक (नॉन एफएक्यू) धान नहीं खरीदा जाये और एफएक्यू धान को नॉन एफएक्यू बताकर रिजेक्ट नहीं किया जाये। उपार्जन के संबंध में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व की अध्यक्षता में गठित समितियां संज्ञान लेकर आवश्यक नियमानुसार कार्यवाही करें। उन्होने कहा कि गड़बड़ी करने वालों के विरुद्ध एफआईआर तत्काल दर्ज कराकर कठोर कार्यवाही की जायेगी। समीक्षा के दौरान खरीदी धान का 71 प्रतिशत परिवहन होने पर जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रबंधक परफॉर्मेन्स में सुधार लाकर परिवहन भुगतान की गति बढ़ायें। परिवहन 90 प्रतिशत से अधिक रहना चाहिये। भण्डारण के लिये शॉर्टफॉल एक लाख 53 हजार एमटी धान को सुरक्षित रखने भण्डार गृहों की व्यवस्था करने तथा निर्माणाधीन ओपेन कैप का निर्माण 25 दिसम्बर तक हर हाल में पूरा कर हैण्डओवर करने के निर्देश दिये गये।

विकासखण्ड रीठी के बिलहरी में नसबंदी की तैयारी के दौरान महिला की मृत्यु के कारणों की जानकारी भी कलेक्टर ने सीएमओ से ली। कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य कैम्प और नसबंदी कैम्प दिन के समय और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार ही आयोजित किये जायें। एम्बुलेन्स और 108 की दुरुस्त व्यवस्था भी कैम्पों में रहनी चाहिये। ताकि आवश्यक होने पर रेफरल सेवायें तत्काल दी जा सके। कलेक्टर ने बिलहरी कैम्प के प्रभारी डॉ. वर्षा बत्रा और सर्जन डॉ. पंकज ग्रोवर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।

राष्ट्रीय टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी लेते हुये कलेक्टर ने कोविड-19 नियंत्रण एवं उपचार की समीक्षा की। सीएमएचओ डॉ. मुढि़या ने बताया कि जिले में कोरोना के वर्तमान में 35 पॉजीटिव केस हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि आरआर टीम के अधिकारी अपने दायित्वों के निर्वहन में कोरोना केस की कम संख्या को देखते हुये ढि़लाई नहीं बरतें। कन्टेनमेन्ट एरिया और कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन करायें।

कलेक्टर श्री सिंह ने लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री को बिलहरी मोड़ तिराहे गेट का सौंदर्यीकरण तथा ग्रीन बेल्ट का कार्य और आयुक्त नगर निगम को सुरम्य पार्क के निर्माण कार्य और सैल्फी पॉईन्ट 25 दिसम्बर तक पूर्ण कराने के निर्देश दिये। सीएम हेल्पलाईन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने समाधान ऑनलाईन के निर्धारित विषयों से संबंधित सभी सीएम हेल्पलाईन की शिकायतों का निराकरण शाम तक कर लेने के निर्देश दिये। इस सप्ताह सीएम हेल्पलाईन की 571 शिकायतें, 100 दिवस से ऊपर की 84 और 300 दिवस से ऊपर की 77 शिकायतें निराकृत कर कम की गई हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों के निराकरण में संतुष्टिपूर्ण निराकरण का प्रतिशत बढ़ाकर 60 प्रतिशत करने के निर्देश दिये।

लोक सेवा केन्द्रों से बने 260 आयुष्मान कार्ड

कलेक्टर शशिभूषण सिंह के निर्देशानुसार जिले के सभी 12 लोक सेवा केन्द्रों में आयुष्मान भारत कार्ड बनाने और आधार कार्ड बनाने की सेवायें प्रारंभ की गई हैं। अब तक लोक सेवा केन्द्रों द्वारा 260 आयुष्मान भारत के कार्ड बनाकर प्रदान किये गये हैं। जिले में सीएससी द्वारा 1 लाख 96 हजार 309 और अस्पतालों द्वारा 7087 कार्ड मिलाकर 2 लाख 3 हजार 396 कुल कार्ड आयुष्मान भारत के बनाये गये हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को लोक सेवा केन्द्रों का सतत् भ्रमण कर सेवाओं के सुचारु संचालन के लिये निरीक्षण भी करने के निर्देश दिये हैं।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें