महिलाओं को दिया जा रहा डेयरी एवं केचुआ खाद निर्माण का प्रशिक्षण
( कटनी ) –
मध्यप्रदेश राज्य आजीविका मिशन द्वारा आयोजित भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण केन्द्र कटनी में महिला स्वसहायता समूहों की महिलाओं को डेयरी तथा केचुआ खाद निर्माण का 10 दिवसीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रबंधक आरसेटी कटनी वी.के. जैन ने बताया कि महिलाओं के लिये आयोजित इस प्रशिक्षण में जैविक कृषि पाठशाला के संचालक रामसुख दुबे द्वारा महिलाओं को पशुशाला शेड निर्माण की तकनीकी जानकारी दी जा रही है। साथ ही डेयरी हेतु दुधारु पशुओं का चयन, गाय की गिर और साहीवाल, रेड सिंधी, थारपारकर, गंगातीर हरियाणा आदि नस्तों तथा उनके द्वारा दूध देने की मात्रा, उन्नत नस्लों के लिये कृतिम गर्भाधान, क्रॉस ब्रीडिंग, ग्रेडिंग अप के संबंध में प्रशिक्षण में बताया जा रहा है। पशुओं को संतुलित आहार एवं चारा के लिये नेपियर घास एंजोला तथा वर्षभर चारा प्राप्त करने के लिये खरीफ, रबी एवं गर्मियों में लगाई जाने वाली चार किस्मों तथा उत्पादन की जानकारी भी महिलाओं को दी गई है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से पशुओं में होने वाली विभिन्न बीमारियों व उनके इलाज के संबंध में बताया गया।

