मां शारदा मंदिर की ड्योढ़ी पर प्रज्वलित होंगे 1 लाख 11 हजार दीप ———– जिले में 4 लाख 86 हजार आशीर्वाद के दीपों से जगमगाएगा मैहर ———– रक्तदान शिविर से होगी अभियान की शुरुआत

(मैहर)  सेवा, समर्पण और जनभागीदारी की भावना को साकार करने के उद्देश्य से जिले में सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ गुरुवार से होगा। अभियान का संचालन 17 अक्टूबर तक किया जाएगा। एक माह तक चलने वाले इस अभियान के अंतर्गत जिले में विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत गुरुवार को रक्तदान शिविर से होगी। जिले के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिसमें नागरिक सहभागिता कर सेवा और सामाजिक सरोकार का संदेश देंगे। शाम 7 बजे से प्रज्वलित होंगे 4 लाख 86 हजार आशीर्वाद के दीप अभियान अंतर्गत गुरुवार शाम 7 बजे आशीर्वाद के दीप कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
जिले में शासकीय योजनाओं के लाभार्थियों के घरों पर आशीर्वाद के दीप लगाए जाएंगे। इसके साथ ही जिले के प्रमुख धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। मैहर नगर में घंटाघर, कटनी तिराहा, अलाउद्दीन चौक एवं पूर्व दरवाजा पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित होंगे। रामनगर जनपद में राम जानकी मंदिर तथा अमरपाटन जनपद में गौरीशंकर तालाब में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसी क्रम में जिले की सभी ग्राम पंचायतों,जनपदों, विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों एवं प्रमुख चौराहों पर गणमान्य नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में आशीर्वाद के दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।
मां शारदा मंदिर की ड्योढ़ी पर जगमगाएंगे 1 लाख 11 हजार दीप सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विश्वप्रसिद्ध मां शारदा माता मंदिर की ड्योढ़ी पर विशेष दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यहां 1 लाख 11 हजार आशीर्वाद के दीप लगाए जाएंगे। एक साथ प्रज्वलित होने वाले दीपों से मां शारदा माता मंदिर परिसर श्रद्धा और आस्था के प्रकाश से जगमगाएगा। जिलेभर में कुल 4 लाख 86 हजार आशीर्वाद के दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। यह आयोजन जनभागीदारी, सेवा भावना और सामाजिक एकजुटता का संदेश देगा। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में सेवा, सहयोग और जनकल्याण की भावना को और मजबूत करने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें