कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने आशीर्वाद का दीया प्रज्वलन समारोह की तैयारियों का लिया जायजा निरीक्षण के दौरान खरगापुर में हफ्ते में दो दिन एसडीएम कोर्ट लगाने के दिये निर्देश
(टीकमगढ़) कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने आज सेवा-संकल्प अभियान अंतर्गत 17 सितम्बर को आयोजित आशीर्वाद का दीया प्रज्वलन समारोह की तैयारियों के संबंध में बल्देवगढ़ नगर स्थित बलदाऊ जी मंदिर एवं ग्वाल सागर तालाब घाट पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। तत्पश्चात कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने खरगापुर स्थित हनुमान जी मंदिर तथा ग्राम पंचायत दूबदेई स्थित माता मंदिर पहुंचकर भी कार्यक्रम से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने ग्राम दूबदेई तथा चंदेरी में स्वामित्व योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में पटवारियों द्वारा की जा रही ई-केवाईसी कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की तथा खरगापुर में आमजन से संवाद के दौरान उनकी समस्याओं को सुना।
उन्होंने स्थानीयजनों की मांग पर निर्देश दिये कि खरगापुर में कल से एसडीएम कोर्ट हफ्ते में दो दिन लगाया जाये। इसके साथ ही उन्होंने ग्राम दूबदेई में नल जल योजना 15 दिवस में चालू कराने के निर्देश दिये। साथ ही ग्राम दुबदेही में स्व-सहायता समूह को धात्री महिलाओं और 6 माह से 3 वर्ष के बच्चों के लिये टेक होम राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए मैदानी स्तर पर कार्य में तेजी लाई जाए। साथ ही आगामी आशीर्वाद का दीया प्रज्वलन समारोह की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण कर आयोजन को व्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाए।इस अवसर पर एसडीएम बल्देवगढ़ श्री निशांत भूरिया, तहसीलदार श्रीमती प्राची जैन, श्री ओमप्रकाश गुप्ता, संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
