सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बहोरीबंद पहुंचे कलेक्टर, परिसर का भ्रमण कर देखी व्यवस्थायें
( कटनी ) – कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने बहोरीबंद में स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बहोरीबंद पहुंचकर लिया। जहां पर अस्पताल परिसर का भ्रमण का दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होने अस्पताल परिसर में बेहतर सुविधाओं के दृष्टिगत कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिये। साथ ही स्वास्थ्य विभाग के अमले से उपलब्ध संसाधनों व समस्याओं के संबंध में भी चर्चा कर जानकारी ली। इस अवसर पर एसडीएम रोहित सिसोनिया, तहसीलदार विजय द्विवेदी सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी उपस्थिति थे।

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बहोरीबंद पहुंचकर कलेक्टर श्री मिश्रा ने स्वास्थ्य केन्द्र पर उपलब्ध संसाधनों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होने नसबंदी शिविर, एनआरसी, महिला वार्ड, पैथालॉजी का निरीक्षण किया। वार्डों के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बेडशीट इत्यादि की साफ-सफाई और बेहतर करने के निर्देश दिये। उन्होने स्वास्थ्य केन्द्र में साफ-सफाई व्यवस्था, बेडशीट व अन्य लॉण्ड्री संबंधी सेवाओं के लिये स्वसहायता समूहों को संलग्न करने की बात कही। वहीं लेबर रुम में सक्षम गाईडलाईन का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी चिकित्सीय स्टाफ को दिये। अस्पताल परिसर में धूल से बचाव के लिये पेवर ब्लॉक लगवाने, पार्किंग स्टेण्ड व्यवस्था तथा मॉर्चुरी के लिये एनएचएम स्तर से तैयार किये गये प्रपोजल के संबंध में भी आवश्यक निर्देश कलेक्टर श्री मिश्रा ने निरीक्षण के दौरान दिये हैं।

