जिले में सम्मान अभियान की हुई शुरुआत

पहले दिन 1712 आंगनबाड़ी केन्द्रों पर हुआ कन्या पूजन
जिलास्तरीय अधिकारियों को कलेक्टर श्री मिश्रा ने दिलाई शपथ
महिला अधिकारियों का किया सम्मान

कटनी – महिलाओं के विरूद्ध अपराधों की रोकथाम एवं महिला सुरक्षा को समाज के केन्द्र बिन्दु पर लाने के लिए सोमवार 11 जनवरी को प्रदेश स्तरीय महिला जनजागरूकता अभियान “सम्मान अभियान” का शुभारम्भ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा वेबकास्ट के माध्यम से किया गया। इसके साथ ही जिले में भी इस अभियान की शुरुवात हो चुकी है। इसके अन्तर्गत सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारीयों को सम्मान अभियान की शपथ दिलाई।

सम्मान अभियान के तहत जिले में होने वाली गतिविधियों को लेकर विस्तृत रुपरेखा के साथ काम करने के निर्देश कलेक्टर ने दिये। उन्होने कहा कि हेल्पलाईन नंबरों का प्रचार-प्रसार करायें। सम्मान अभियान से स्वसहायता समूहों को भी जोड़ें।

सम्मान अभियान के तहत महिला अधिकारीयों में एसडीएम ढीमरखेड़ा सपना त्रिपाठी, डिप्टी कलेक्टर नदीमा सीरी, जिला योजना अधिकारी राधा पुराविया, जिला विपणन अधिकारी शिखा वर्मा, सीईओ विजयराघवगढ़ प्रभा टेकाम, अधीक्षक अल्पसंख्यक कल्याण कटनी रंजीता जैन एवं सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास विभाग वनश्री कुर्वेती को पुष्पगुछ भेंट कर कलेक्टर ने सम्मानित किया।

इस अभियान के लिये जिला स्तर पर “सेल्फी फॉर वूमन सेफ्टी एंड रिसपेक्ट“ सेल्फी प्वांइट की स्थापना भी की गई है। सम्मान अभियान के पहले दिन जिले के 1712 आँगनबाडी केन्द्रों में कन्या पूजन एवं सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 18832 शौर्या दल के सदस्य एवं बालिकाओं ने सहभागिता करते हुये वेबकास्ट के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री चौहान का संदेश सुना।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें