नुक्कड़ नाटक से दिया जा रहा एड्स के प्रति जागरुकता का संदेश

कटनी –  मध्यप्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति भोपाल एवं लोक स्वास्थ्य परिवार कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वाधान में एचआईवी एड्स पर कटनी जिले में जागरुकता अभियान 9 दिसम्बर से 16 दिसम्बर तक चलाया जा रहा है। विगत दिवस देवगांव में भारतीय कला संगम जबलपुर के लोकदल कलाकारों के द्वारा एचआईवी एड्स विषय पर लोक नाट्य ’’जियो और जीने दो’’ का शानदार प्रदर्शन किया। जिससे एचआईवी एड्स के बारे में सूक्ष्म रुप से जानकारी दी। लोक कला के माध्यम से कलाकारों ने बताया कि एचआईवी एड्स क्या है, ये कैसे फैलता है, इससे कैसे बचा जा सकता है। एचआईवी एड्स 4 कारणों से फैलता है एवं इसके बचने के भी केवल 4 ही उपाय हैं। इसकी जांच कोई भी व्यक्ति महिला-पुरुष, नौजवान युवक-युवतियां आईसीटीसी केन्द्र में जाकर निःशुल्क करा सकते हैं एवं परामर्श भी लिया जा सकता है। आईसीटीसी केन्द्र में जाने वाले व्यक्तियों की जांच रिपोर्ट गुप्त रखी जाती है। मरीज के अलावा अन्य किसी से भी यह रिपोर्ट साझा नहीं की जाती है। आईसीटीसी केन्द्र शासकीय जिला अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध है।

नाट्य के माध्यम से कलाकारों ने बताया कि जागरुकता के अभाव में लोग आसानी से इसकी चपेट में आ जाते हैं। इसलिये जानकारी ही बचाव है। डरना नहीं समझना होगा, तभी एड्स से बचना होगा, एड्स का ज्ञान बचाये जान, आप अपने मोबाईल फोन से टोल फ्री नम्बर 1097 डायल कर घर बैठक एचआईवी एड्स की जानकारी ले सकते हैं। यह कार्यक्रम लखापतेरी, पिपरौंध, पडुवा, गुलवारा, रीठी, निटर्रा, बिलहरी, देवगांव, बड़खेरा, कारीतलाई, बंजारी, देवरा हरदुआ, जलासुर, लखनवारा आदि ग्रामों में प्रस्तुत किये जा रहे हैं।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें