शासकीय विद्यालयों में शुरु हुआ प्रतिभा पर्व 111 अधिकारियों ने स्कूलों में जाकर किया मूल्यांकन

कटनी  प्रदेश की समस्त शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं में प्रतिभा पर्व 2019-20 का आयोजन गुरुवार से प्रारंभ हो गया है। प्रतिभा पर्व के अन्तर्गत 12 से 14 दिसम्बर तक तीन दिवसीय आयोजन में शालेय शैक्षणिक व्यवस्था, संचालन की स्थिति व बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया जा रहा है। ताकि शिक्षा में गुणात्मक सुधार के लिये आवश्यक प्रयास किये जा सकें।

            कलेक्टर शशिभूषण सिंह के निर्देशन में कटनी जिले की सभी प्राथमिक और माध्यमिक शालाओं में प्रतिभा पर्व की गतिविधियों को सारणी अनुसार समस्त गतिविधियों के मूल्यांकन और मॉनीटरिंग के लिये 111 जिला अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी जिला अधिकारियों ने अपने आवंटित स्कूल में पहुंचकर शाला संचालन की गतिविधि और बच्चों की शैक्षणिक व्यवस्था का जायजा लिया। प्रतिभा पर्व के अन्तर्गत 12 एवं 13 दिसम्बर को बच्चों का विषय आधारित मूल्यांकन किया जायेगा। तीसरा दिवस शालाओं में बाल सभा आयोजित कर वार्षिक उत्सव के रुप में मनाया जायेगा। इस दिन जनप्रतिनिधि एवं बच्चों के पालकों को भी विद्यालय में आमंत्रित किया जायेगा।

            प्रतिभा पर्व के दौरान कक्षा 3, 5 एवं 8 की उत्तर पुस्तिकाओं में हिन्दी और गणित विषय का मूल्यांकन सत्यापनकर्ता अधिकारी की उपस्थिति में होगा। जबकि कक्षा 8 की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन प्राचार्य द्वारा अधिकृत विषय विशेषज्ञ की उपस्थिति में होगा। प्रतिभा पर्व में कक्षा 1 से कक्षा 8 तक के विद्यार्थी शामिल होंगे।

            जिला परियोजना समन्वयक बी0बी0 दुबे ने बताया कि कटनी जिले की 1295 प्राथमिक एवं 528 माध्यमिक शालाओं में अध्ययनरत एक लाख 34 हजार विद्यार्थियों का प्रतिभा पर्व के तहत मूल्यांकन किया जा रहा है। शिक्षा विभाग के 148 एवं अन्य विभाग के 111 जिलास्तर के अधिकारी प्रेक्षक के रुप में प्रतिभा पर्व का मूल्यांकन कर रहे हैं। राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल से आई कटनी जिले की प्रभारी तनुजा श्रीवास्तव ने जिले की कन्या प्राथमिक शाला कन्हवारा, शासकीय माध्यमिक शाला बंजारी, शासकीय बालक शाला विजयराघवगढ़ और शासकीय कन्या माध्यमिक शाला विजयराघवगढ़ का निरीक्षण कर जायजा लिया।

             

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें