प्रदेश में प्रारंभ हुआ पंख अभियान
जिलास्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण
कटनी – प्रदेश में बेटियों के समग्र विकास के लिये पंख अभियान की शुरुआत रविवार को मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने की। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बेटियों का शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक एवं मनोवैज्ञानिक विकास है। भोपाल में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण द्वारिका भवन में आयोजित जिलास्तरीय कार्यक्रम में भी किया गया। जिसमें उपस्थितजनों ने मुख्यमंत्री श्री चौहान का उद्बोधन सुना। इस दौरान जिला पंचायत की प्रधान ममता रंगलपल पटेल, प्रभारी पुलिस अधीक्षक संदीप मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ जगदीश चन्द्र गोमे भी उपस्थित थे।

जिलास्तरीय कार्यक्रम में जिला पंचायत की प्रधान ममता रंगलाल पटैल भी शामिल हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत कन्या पूजन के साथ हुई। इस अवसर पर श्रीमती पटेल ने नारी सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार द्वारा किये जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होने कहा कि सम्मान अभियान के बाद यह पंख अभियान मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में प्रारंभ किया गया महत्वपूर्ण अभियान है। आज की नारी सशक्त है, वह कमजोर नहीं है। शासन, प्रशासन, कॉर्पोरेट सेक्टर के उच्च पदों पर भी नारी आसीन है। हम भी अपनी बेटियों को पढ़ायें, लिखायें और आंगे बढ़ायें।
कार्यक्रम में पंख अभियान के विषय में जानकारी जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी नयन सिंह ने दी। श्री सिंह ने अभियान के विषय में विस्तार से बताया। उन्होने कहा कि जिले में इसका सुचारु संचालन किया जायेगा। अंत में महिला सशक्तिकरण अधिकारी वनश्री कुर्वेती ने आभार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का संचालन महाप्रबंधक उद्योग अजय श्रीवास्तव ने किया।

