कुदरी ग्राम पंचायत में 8 महीने से बनी पीसीसी सड़क, ग्रामीणों ने कहा- सरपंच पर कार्यवाई हो

मध्यप्रदेश के जयसिंहनगर तहसील के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुदरी में भ्रष्टाचार का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत के सरपंच सहित अन्य जिम्मेदारों ने एक पीसीसी रोड के लिए मिले रकम का गबन कर लिया है, इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने बताया कि 8 महीने पहले कुदरी बस स्टैंड के सामने वार्ड नंबर 6 में पंच परमेश्वर (मनरेगा) योजना के तहत पीसीसी रोड का काम शुरू हुआ था। इसके लिए 2 लाख 72 हजार रुपये की राशि स्वीकृत हुई थी। रोड निर्माण के लिए रेत, गिट्टी और अन्य सामग्री मंगाई गई थी। कुछ लोगों ने रोड निर्माण में काम भी किया था, लेकिन अचानक निर्माण कार्य को बंद करा दिया गया। इसके बाद रुका हुआ काम दोबारा शुरू नहीं किया गया। ऐसे में लोगों को मजबूरी में कच्ची सड़क पर चलना पड़ रहा है। बारिश में इस सड़क की हालत ऐसी हो जाती है कि लोगों का चलना भी मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने कहा कि पीसीसी रोड के लिए स्वीकृत राशि को जिम्मेदारों ने गबन कर दिया।

क्या कहते हैं ग्रामीण

1. इस साल फरवरी में पीसीसी रोड का काम शुरू हुआ था, लेकिन जल्दी ही बंद करा दिया गया। सरपंच और अन्य जिम्मेदारों ने पीसीसी रोड के लिए मिली राशि को निकालकर गबन कर दिया है। इन जिम्मेदारों पर कार्यवाई होनी चाहिए और जल्द से जल्द इस सड़क को बनाया जाना चाहिए।

समयलाल अहिरवार

2. मैंने जब पीसीसी रोड को लेकर सरपंच से बात की तो उन्होंने मुझसे चिल्लाकर बात की और कहा कि जो करना हो कर लो। जिससे शिकायत करनी है कर लो। मुझे परेशान मत करो। मैं इसका जिम्मेदार नहीं हूं।

कामता प्रसाद

3. ये भ्रष्टाचार का मामला है। 8 महीने पहले इस पीसीसी रोड का काम शुरू हुआ था लेकिन 3 दिन बाद ही काम बंद हो गया। इससे साफ है कि रोड के लिए स्वीकृत राशि का गबन कर लिया है और ग्रामीणों का हक मार दिया गया है। मैं चाहता हूं सरपंच पर कार्यवाई होनी चाहिए।

कैलाश कुमार

————————————————–

क्या कहते हैं जिम्मेदार

पीसीसी सड़क के लिए राशि स्वीकृत हो चुकी है लेकिन अभी तक सड़क का निर्माण कार्य नहीं हुआ है। 8 महीने बीत चुके हैं। ग्राम पंचायत में नाली, पुलिया और अन्य पीसीसी सड़कों के लिए राशि निकाल ली गई, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ है। मैं चाहता हूं कि सरपंच और अन्य लापरवाह जिम्मेदारों पर कार्यवाई हो और उनकी जांच की जाए।
दुलारे अहिरवार, उप सरपंच, कुदरी ग्राम पंचायत

फरवरी, 2019 में पीसीसी रोड का काम शुरू हुआ था लेकिन 3 दिन काम चलने के बाद इसे बंद करा दिया गया। मैंने जब इस मामले को लेकर सरपंच से बात की तो उन्होंने टालमटोल कर दिया और अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया।
रामराज अहिरवार, पंच, वार्ड नंबर 6

वार्ड नंबर 6 में पीसीस रोड का 8 महीने शुरू हुआ था लेकिन पता क्यों काम को बंद करा दिया गया। सड़क न बनने लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दिलीप कुमार अहिरवार, पंच, वार्ड नंबर 5

इस मामले को लेकर ग्राम पंचायत कुदरी सरपंच दलेल सिंह को कॉल लगाकर कई बार बात करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया। सरपंच के पर्सनल मोबाइल नंबर पर कई बार कॉल लगाई गई लेकिन कॉल कोई और ही व्यक्ति रिसीव करता है और वह व्यक्ति हर बार यही कहता है कि सरपंच अभी नहीं है बाद में कॉल करिएगा।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें