टी.बी हारेगा देश जीतेगा अभियान संबंधी कार्यशाला सम्पन्न
( अशोकनगर )
देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 2025 तक देश को टी.बी.मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी तारतम्य में 01 फरवरी से दिसम्बर 2021 तक टी.बी.हरेगा देश जीतेगा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के सफल संचालन तथा लोगों में जनजागरूकता लाने के उद्देश्य से मीडिया कार्यशाला का आयोजन मंगलवार को जिला चिकित्सालय के सभाकक्ष में किया गया है। इस कार्यशाला में सिविल सर्जन श्री एस.एस.छारी,जिला क्षय अधिकारी डॉ.गौरव बंसल,प्रोजेक्ट साइंटिस्ट टी.बी.सहरिया प्रोजेक्ट डॉ.प्रशांत मिश्रा एवं पत्रकारगण उपस्थित थे।
कार्यशाला में सिविल सर्जन श्री छारी ने बताया कि टी.बी.से मुक्ति के लिए समाज के हर वर्ग को इस अभियान से जोडना है। साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन वर्षभर किये जाकर लोगों में टी.बी.के प्रति जनजागरूकता लाना है। साथ ही टी.बी.से मुक्ति के लिए हर संभव प्रयास किये जायेगें। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत भारत शासन से प्राप्त निर्देशानुसार विश्व क्षय दिवस 24 मार्च 2021 के उपलक्ष्य में 31 मार्च तक जिला स्तर पर विभिन्न गतिविधियां संपादित की जायेगी।
कार्यशाला में डॉ.प्रशांत मिश्रा ने बताया कि वर्ष 2019 में अशोकनगर जिले में 2561 तथा वर्ष 2020 में 2310 टी.बी.के मरीज खोजे गए। उन्होंने बताया कि 91 प्रतिशत सहरिया समुदाय में टी.बी.के मरीज जायदा संख्या में मिले है। जिला चिकित्सालय में टी.बी.की जांच के लिए 40 लाख रूपये की लागत वाली जांच मशीन स्थापित है। इस मशीन से 02 घंटे के अंदर क्षय रोग की रिपोर्ट प्राप्त हो जाती है।
कार्यशाला में डॉ.गौरव बंसल ने बताया कि भारत सरकार की निक्षय पोषण आहार योजना के अंतर्गत प्रत्येक टी.बी.के मरीज को दवाई पूरी होने तक 500 रूपये प्रतिमाह की राशि उसके पोषण हेतु दी जाती है, जो सीधे मरीज के बैंक खाते में डाली जाती है। जिले में अभी तक 9075 हितग्राहियों में से 8460 हितग्राहियों को भुगतान किया जा चुका है। उन्होंने माह मार्च में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि विश्व क्षय दिवस 24 मार्च के अवसर पर टी.बी.चैम्पियन एवं समस्त सहभागियों के साथ रैली का आयोजन किया जायेगा।साथ ही घड़ी चालू है की थीम पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा।

