सीईओ जिला पंचायत श्री कान्याल ने ग्रामीण अंचल में पहुँचकर किया विकास कार्यों का निरीक्षण

( ग्वालियर )

जनपद पंचायत डबरा की ग्राम पंचायत छीमक, छोटी अकबई, खडबई एवं महाराजपुर भ्रमण कर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री किशोर कन्याल ने मनरेगा एवं अन्य योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया।
सी.ई.ओ. श्री कन्याल ने रूरबन मिशन में शामिल ग्राम पंचायत के ग्राम छोटी अकबई में निर्माणाधीन पानी की टंकी एवं छीमक में बैडमिंटन कोर्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने सभी कार्य समय-सीमा में एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिए। श्री कान्याल ने भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत रजियावर में सामुदायिक भवन एवं सार्वजनिक वितरण (पीडीएस) केन्द्र का भी अवलोकन किया। सरपंच से सामुदायिक भवन कैम्पस एरिया का समतलीकरण एवं पानी की व्यवस्था कराने के लिये कहा। उन्होंने ग्राम खडबई में मिशन अन्तर्गत निर्मित पशु औषधालय भवन भी देखा।
भ्रमण के दौरान ग्रामवासियों से रूबरू चर्चा करते हुए भू-जल स्तर में वृद्वि के लिए खेत तालाब बनाने के लिये कहा। साथ ही कोविड-19 से बचाव के लिए सभी ग्रामवासियों से वैक्सीनेशन कराने का आह्वान किया।

भितरवार जनपद पंचायत कार्यालय का भी किया निरीक्षण

जिला पंचायत सीईओ श्री कान्याल ने जनपद पंचायत भितरवार पहुंचकर कार्यालय का निरीक्षण किया। साथ ही कार्यालय में पदस्थ समस्त अधिकारी एवं कर्मचारियों की बैठक ली। बैठक में सी.ई.ओ.जिला पंचायत ने निर्देश दिये कि प्राथमिकता के आधार पर सी.एम.हेल्पलाइन की शिकायतों को संतुष्टि के साथ निराकरण कराएँ। उन्होंने पथ विक्रेता योजना अन्तर्गत 15 मार्च तक निर्धारित लक्ष्य के अनुसार प्रकरण स्वीकृत एवं वितरण कराये जाने के साथ ही प्रधानमंत्री आवास के अपूर्ण आवासों को इसी माह में पूर्ण कराने के निर्दश दिये।
उन्होंने ग्राम धूमेश्वर महादेव मंदिर में पंचायत प्रतिनिधि मण्डल के साथ चर्चा की। मंदिर प्रांगण में बडी गौशाला खोलने की सम्भावना पर विचार किया गया। राजस्व अमले के साथ भूमि की उपलब्धता का पता लगाकर सी.ई.ओ. जनपद पंचायत को प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिये।
भ्रमण के समय मौके पर अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. विजय दुबे, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग श्री संजीव गुप्ता, परियोजना अधिकारी स्वच्छ भारत मिशन श्री जय सिहं नरवरिया, युवा समन्वयक रूरबन मिशन, उपयंत्री, प्रधान एवं सचिव ग्राम पंचायत उपस्थित थे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें