10 अप्रैल की ‘‘नेशनल लोक अदालत’’ के लिये बैठक आयोजित

( राजगढ़ )

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार श्री प्रभात कुमार मिश्रा जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, राजगढ़ के मार्गदर्शन में नेशनल लोक अदालत का आयोजन दिनांक 10 अप्रैल, 2021 को जिला न्यायालय राजगढ़ एवं तहसील न्यायालय ब्यावरा, नरसिंहगढ़, खिलचीपुर, सारंगपुर एवं जीरापुर में किया जायेगा। नेशनल लोक अदालत में राजीनामा योग्य आपराधिक प्रकरण, परक्राम्य लिखत अधिनियम के प्रकरण, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के क्लेम प्रकरण, भरण-पोषण, घरेलू हिंसा संबंधी पारिवारिक मामले, आपराधिक एवं सिविल राजीनामा योग्य अपील, श्रम, विद्युत अधिनियम के प्रकरण एवं समस्त दीवानी मामले रखे जा रहे हैं। इसी प्रकार प्रीलिटीगेशन प्रकरणों में बी.एस.एन.एल., नगर पालिका जलकर, विद्युत बकाया, धारा 138 एन आई एक्ट, वैवाहिक विवाद, अन्य आपराधिक एवं दीवानी राजीनामा योग्य प्रकरण रखे जाकर समझौता वार्ता हेतु न्यायालय में प्री-सिटिंग बैठकें (समझौता पूर्व वार्ता) कराई जा रहीं है।
नेशनल लोक अदालत की तैयारी एवं समस्त न्यायालयों द्वारा रखे गये प्रकरणों को अधिक से अधिक राजीनामा के माध्यम से निराकरण कराये जाने हेतु निर्देश दिये गये एवं नेशनल लोक अदालत के महत्व को समझाये जाकर व्यक्त किया गया कि, न्यायालयों में प्रकरणों की अधिकता होने से निराकरण किये जाने में एक लंबी अवधि व्यतीत होती है, जबकि नेशनल लोक अदालत में एक ही दिन में राजीनामा के माध्यम से लंबित सभी प्रकरणों का निराकरण एक ही दिन में किया जा सकता है, बस आवयकता है तो जागरूकता और जबावदारी की, ताकि हम अपना बेहतर योगदान देकर नेशनल लोक अदालत को सफल बना सकें। उक्त के अतिरिक्त आगामी 13 मार्च, 2021 को पुन: वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नेशनल लोक अदालत बैठक में उपस्थित रहने हेतु निर्देशित किया गया।
उक्त वीडियो कॉन्फ्रेंस के दौरान जिला न्यायालय राजगढ़ से श्री अजय कुमार श्रीवास्तव विशेष न्यायाधीश, श्री शेख सलीम अपर जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, राजगढ़, श्री डी.पी. सिंह प्रथम अपर जिला न्यायाधीश राजगढ़, श्रीमती अजली पारे तृतीय अपर जिला न्यायाधीश राजगढ़, श्री गोपेश गर्ग मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं जिला एवं तहसील न्यायालय ब्यावरा, नरसिंहगढ़, सारंगपुर, खिलचीपुर एवं जीरापुर न्यायालयों के समस्त न्यायाधीशगण तथा जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री फारूक अहमद सिद्दीकी उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें