सभी के प्रयास से हमारा ग्वालियर हो प्रदूषण मुक्त – ऊर्जा मंत्री श्री तोमर
( ग्वालियर )
श्री तोमर ने विभिन्न वार्डो में 2 करोड 65 लाख के विकास कार्यो का किया भूमि पूजन
प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युमन सिंह तोमर ने प्रदूषण मुक्त ग्वालियर एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए साइकिल से शहर भ्रमण किया तथा आम जनों से आग्रह किया की सभी के सहयोग से हमारा शहर ग्वालियर प्रदूषण मुक्त बने इसके लिए हम सभी मिलकर प्रयास करें।
प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर साइकिल से दो दिवसीय वार्ड भ्रमण पर निकले, इसके साथ ही उनके द्वारा क्षेत्र में विकास कार्यों का भूमि पूजन भी किया गया। इस दौरान उन्होने कहा कि शहर में प्रदूषण कम हो इसका दायित्व हमारा है, हमारा शहर प्रदूषण मुक्त बने इसके लिये हमें हफ्ते में एक दिन साइकिल चलाना चाहिए, जिससे प्रदूषण तो कम होगा ही साथ ही स्वस्थ शरीर भी बनेगा। इसके साथ ही उन्होने कहा कि शहर को स्वच्छता में प्रथम स्थान पर लाने के लिए स्वच्छता के लिए आमजन को जागरूक कर स्वच्छता को अपनी आदत बनाना होगा। तभी हम शहर को सुंदर, स्वच्छ व स्वस्थ्य शहर बना सकते हैं।
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर रास्ते में ठेले वालों और मिलने वाले आमजन से उनकी समस्या सुनकर उनका निराकरण भी कर रहे थे। इसके साथ ही साइकिल यात्रा कांचमिल से शुरू होकर तानसेन नगर पडाव, शिंदे की छावनी, गेंडे वाली सडक, विनय नगर, बाराबीघा, आंनद नगर, शील नगर होते हुए घासमंडी पर समापन हुआ। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर के द्वारा घासमंडी स्थित धर्मशाला में रात्रि विश्राम कर आमजन की समस्याओं को भी सुना।
साइकिल यात्रा जब गेंडे वाली सडक पर पहुँची तो गेंडे वाली सडक पर निवासरत महिलाएँ मंत्री श्री तोमर के पास अपनी समस्या लेकर जमीन पर बैठ गई। मंश्री श्री तोमर ने भी उनकी समस्या सुनने के लिए उनके साथ सडक पर बैठकर अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में पानी की समस्या से जल्द निजात मिल जाये। इसके साथ ही साफ सफाई का पूरा ख्याल रखा जाये। समय पर कचरा वाहन, कचरा लेने आये। इसके साथ ही जिन वार्डों में ऊर्जा मंत्री श्री तोमर की साइकिल यात्रा गई, वहां की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
वार्ड 2,3,4,5,6,10 एवं 36 में 2 करोड 65 लाख के विकास कार्यो का किया भूमि पूजन
प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने साइकिल यात्रा के दौरान 15 ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में भ्रमण कर 2 करोड 65 लाख के विकास कार्यो का भूमि पूजन किया। पीजीव्ही कॉलेज के सामने वाली गली में सीसी फर्श व नाली निर्माण लागत 45 हजार, सीसी व नाली निर्माण बकरा मंडी के सामने रवि तोमर के मकान से नारायण खरे के मकान तक लागत 2 लाख 15 हजार, नूर मस्जिद के सामने रामगढ़ घोसीपुरा में सीसी फर्श और नाली का निर्माण लागत 4 लाख 33 हजार, दानाओली (घोसिपुरा) में शा.मा. वि. को स्मार्ट स्कूल बनाने के लिए विकास कार्य लागत 9 लाख 38 हजार, कारगिल शहीद सरमन सिंह पार्क विकास कार्य लागत 6 लाख, रेलवे गेट से उरवाई गेट तक डामरीकरण कार्य लागत 1 करोड़, विनय नगर सेक्टर-2 पार्क के सामने वाला नाला निर्माण कार्य लागत 8 लाख 11 हजार, बारह बीघा की सड़कों पर सी. सी. रोड निर्माण कार्य लागत 18 लाख, आनंद नगर से ए-ब्लॉक अशोक जैन से तोमर के घर तक सीसी रोड का निर्माण कार्य लागत 11 लाख 93 हजार, आनंदनगर ए-ब्लॉक में रघुवीर सिंह सिकरवार वाली गली में नवीन सीसी सड़क निर्माण कार्य लागत 13 लाख 33 हजार, आनंद नगर के सी-ब्लॉक बडी दरगाह के आसपास की सड़कों पर सीसी रोड निर्माण कार्य लागत 23 लाख 91 हजार, मुस्कान वाटिका के बगल से हिमांशु ड़ेयरी से लेकर शील नगर में किन्नर कब्रिस्तान तक नवीन सी. सी. रोड निर्माण कार्य 12 लाख 68 हजार, नेहरू नगर लक्ष्मी वाटिका वाली गली में डामरीकरण कार्य लागत 14 लाख 82 हजार, कोटेश्वर कॉलोनी की विभिन्न गलियों में सीसी सड़क निर्माण कार्य लागत 24 लाख 30 हजार एवं मेवाती मोहल्ला में सीसी रोड निर्माण कार्य लागत 16 लाख 18 हजार के विकास कार्यों का भूमि पूजन किया।
साइकिल यात्रा के दौरान फुटपाथ पर बैठ सुनी नारायणदास की समस्या
साइकिल यात्रा के दौरान जब यात्रा पडाव चैराहे से निकली तो वहां फुटपाथ पर मौची का कार्य करने वाले नारायण दास अपनी मौची की दुकान खोले बैठे थे, ऊर्जा मंत्री श्री तोमर उनको देखकर उनकी दुकान पर उनके साथ फुटपाथ पर ही बैठकर समस्या सुनने लगे। मौची श्री नारायणदास ने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि मुझे राशन नही मिलता है कई बार चक्कर लगाने पर भी कोई कार्य नही होता है, इस पर मंत्री श्री तोमर ने उनके सभी कागज लिये तथा राशन दिलाने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही श्री नारायणदास को 5 हजार रूपये की आर्थिक सहायता देने के लिए कहा।
आज साइकिल यात्रा विभिन्न वार्डों में
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर के द्वारा रविवार को वार्ड 7,8,11,12,15,31,32 एवं 36 में भ्रमण कर विकास कार्यों का भूमि पूजन करेगें।

