जबलपुर में प्रारंभ हुई मुख्यमंत्री आशीर्वाद योजना “कहानी सच्ची है”
( जबलपुर )
अब तक डेढ़ हजार से अधिक बुजुर्ग व दिव्यांगों को घर जाकर बांटा गया राशन
असहाय बुजुर्गों और दिव्यांग व्यक्तियों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली का खाद्यान्न उनके घर पहुंचकर देने की मुख्यमंत्री आशीर्वाद योजना जबलपुर जिले में सोमवार 8 मार्च से शुरू हो गई। कलेक्टर कर्मवीर शर्मा की पहल पर इस योजना को लागू करने वाला जबलपुर, ग्वालियर के बाद प्रदेश का दूसरा जिला बन गया है।
कलेक्टर कर्मवीर शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री आशीर्वाद योजना के शुरूआती तीन दिनों में ही करीब डेढ़ हजार से अधिक बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को उनके घर पहुंचकर राशन दिया जा चुका है। श्री शर्मा कहते हैं कि जिले में मुख्यमंत्री आशीर्वाद योजना के तहत 21 हजार 134 हितग्राहियों को घर जाकर राशन पहुंचाया जायेगा। योजना में 65 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के असहाय बुजुर्गों को शामिल किया गया है।
खुदा…मुख्यमंत्री को बरकत दे
जबलपुर शहर के हनुमानताल स्थित उचित मूल्य दुकान के विक्रेता अब्दुल वाहिद, जो स्वयं दिव्यांग हैं, उन्होंने जब करीब 75 वर्षीय महिला हितग्राही बदरून्निशा के घर जाकर मुख्यमंत्री आशीर्वाद योजना के तहत राशन का अनाज प्रदान किया तो बदरून्निशा ने आश्चर्यमिश्रित सवालिया निगाहों से उचित मूल्य दुकान के सेल्समैन अब्दुल को देखा…। इसके पहले कि वे कुछ पूछतीं अब्दुल ने कहा कि- मुख्यमंत्री आशीर्वाद योजना के तहत मैं यह अनाज आपके घर लाया हूं। अब आपको अनाज लेने राशन की दुकान नहीं जाना पड़ेगा, मैं खुद राशन देने आपके घर आया करूंगा। यह सुनने के बाद भी काफी देर तक बदरून्निशा को यकीन नहीं हो रहा था कि जिस अनाज को लेने सार्वजनिक वितरण प्रणाली की दुकान में उन्हें घंटों अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता था। वही अनाज अब विक्रेता स्वयं उन्हें घर आकर दिया करेगा। विक्रेता अब्दुल ने जब उन्हें बताया कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुजुर्गों और दिव्यांगों को घर में ही राशन पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री आशीर्वाद योजना शुरू की है तो बड़ी खुशी के साथ बदरून्निशा ने कहा- खुदा… मुख्यमंत्री को बरकत और तरक्की दे। चलने-फिरने में असमर्थ लोगों को घर बैठे अनाज पहुंचाना बड़े पुण्य का काम है।
वहीं एक अन्य हितग्राही मोहम्मद इकराम ने भी मुख्यमंत्री श्री चौहान को इस पहल के लिए तहेदिल से शुक्रिया कहा। खेरमाई वार्ड निवासी बुजुर्ग दिव्यांग सूरज रैकवार को भी शासकीय उचित मूल्य की दुकान के सेल्समेन ने घर पहुंचकर अनाज दिया। घर बैठे अनाज पाकर प्रफुल्लित सूरज ने कहा-मुख्यमंत्री सदैव गरीबों, मजदूरों, बूढ़ों और दिव्यांगों की मदद करते हैं। अपना पैर गंवा चुके अस्थिबाधित दिव्यांगता से पीडि़त सूरज ने कहा- हमारे मुख्यमंत्री बहुत अच्छे हैं वे समाज के हर वर्ग के लोगों की चिंता करते हैं।
जबलपुर प्रदेश का दूसरा जिला बना
ज्ञातव्य है कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बीते फरवरी माह की सात तारीख को ग्वालियर जिला प्रशासन द्वारा शुरू की गई असहाय बुजुर्ग एवं दिव्यांगों को घर पर ही राशन मुहैया कराने की योजना का शुभारंभ किया था। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ग्वालियर जिले की इस पहल को सराहनीय बताते हुए बतौर मॉडल इसे जल्दी ही पूरे प्रदेश में लागू करने के निर्देश दिये थे।
मुख्यमंत्री के निर्देश के परिपालन में मुख्यमंत्री आशीर्वाद योजना शुरू करने वाला जबलपुर जिला ग्वालियर के बाद प्रदेश का दूसरा जिला हो गया है। जहां बुजुर्गों और दिव्यांगों के घर जाकर राशन दिया जा रहा है।

