पीओ के एग्जामिनेशन में रत्नेश का हुआ चयन
भारत निर्माण कोचिंग ने विद्यार्थियों को दिलाया मुकाम
कटनी – जिले के विद्यार्थियों को सुगमता से प्रतियोगी परीक्षाओं का प्रशिक्षण प्राप्त हो, इस दिशा में विगत वर्षों में भारत निर्माण कोचिंग का संचालन जिला प्रशासन द्वारा प्रारंभ किया गया था। जिसमें जिले के विद्यार्थियों को कॉम्पटीटिव एग्जाम की तैयारी निःशुल्क कराई जाती थी। आज वह प्रयास विद्यार्थियों के जीवन में नया सबेरा लेकर आ रहा है। हाल ही में भारत निर्माण कोचिंग के विद्यार्थी रहे रत्नेश अग्रवाल का चयन प्रोबेशनरी ऑफीसर के रुप में हुआ है। श्री रत्नेश ने बैंकिंग सेवा के तहत इन्स्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनल सिलेक्शन के तहत रीजनल रुरल बैंक में स्केल-1 ऑफीसर के लिये आयोजित परीक्षा में सफलता हासिल की है और वे बैंकिग क्षेत्र पीओ के लिये चयनित हुये हैं।
कटनी निवासी रत्नेश अपनी सफलता का श्रेय भारत निर्माण कोचिंग को भी देते हैं। उन्होने बताया कि वे वर्ष 2015 से विभिन्न कॉम्पटीटिव परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। लेकिन सही मार्गदर्शन ना मिलने के कारण सफलता अर्जित नहीं हो पा रही थी। इसी दौरान भारत निर्माण कोचिंग से वे जुड़े। जहां उन्हे विधिवत् रुप से तैयारी कराई गई। रत्नेश ने बताया कि कोचिंग में इकोनॉमिक्स पढ़ाने वाले टीचर रजनीश त्रिपाठी के मार्गदर्शन के कारण उनका इकोनॉमिक्स का पार्ट मजबूत हुआ, जिसका लाभ उन्हें मिला है। उल्लेखनीय है कि भारत निर्माण कोचिंग की शुरुआत तत्कालीन कलेक्टर विशेष गढ़पाले द्वारा कराई गई थी। जिसमें जिले के अधिकारियों के द्वारा भी विद्यार्थियों का सतत् मार्गदशन किया जाता था। रजनीश त्रिपाठी मूल रुप से कटनी में आबकारी इंस्पेक्टर के रुप में पदस्थ थे। जिनके द्वारा भारत निर्माण कोचिंग में विद्यार्थियों को पढ़ाया भी गया था।
कोचिंग के प्रभारी व बीआरसी कटनी विवेक दुबे ने बताया कि भारत निर्माण कोचिंग में अन्य अधिकारियों द्वारा भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया गया। जिनमें आबकारी इंस्पेक्टर आशीष जैन और पिछड़ा वर्ग एवं अल्प संख्यक कल्याण विभाग में पदस्थ ओबीसी इंस्पेक्टर रंजीता जैन सहित अन्य शिक्षकों भी विद्यार्थियों के साथ मन लगाकर मेहनत की, जिसके सार्थक परिणाम यह भी रहे कि विगम वर्ष की एमपी पीएससी के प्री-एग्जामिनेशन में कोचिंग में पढ़ने वाले पांच विद्यार्थियों द्वारा इसे क्वालिफाई किया गया है।

