कोरोना कर्फ्यू के दौरान जिले में एनएसएस के 100 से अधिक कैडेट्स दे रहे हैं अपनी सेवायें
कंधे से कंधा मिलाकर जिला प्रशासन और पुलिस का कर रहे हैं सहयोग
कटनी – नर सेवा ही नारायण सेवा है। आज सम्पूर्ण विश्व कोरोना की वैश्विक महामारी से जूझ रहा है। इस बीमारी से बचाव का मुख्य हथियार सतर्कता और सावधानी है। इसके प्रति जागरुकता लाने के लिये कटनी जिला प्रशासन के द्वारा भी स्वयंसेवी संस्थाओं और वॉलेन्टियर्स का सहयोग लिया जा रहा है। जिले में 17 अप्रैल की सुबह तक के लिये कोरोना कर्फ्यू लागू किया गया है। वहीं इस दौरान जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर विभिन्न स्वयंसेवी संस्थान, एनएसएस, नेहरु युवा केन्द्र, एनसीसी, जन अभियान परिषद् के नवांकुर सहित अन्य संस्थायें काम कर रही है।
जिले में 100 से अधिक एनएसएस के कैडेट्स इन विपरीत परिस्थितियों में भी समाज और राष्ट्र की सुरक्षा के लिये तत्परता से खड़े हुये हैं। शिवानी, अंजली, वर्षा, आरती, पार्वती, स्वाति, कल्पना, इनके साथ ही लगभग 100 कैडेट्स के द्वारा इस समय अपनी सेवायें अलग-अलग पॉइन्ट्स पर दी जा रही हैं।
कटनी मुड़वारा रेल्वे स्टेशन, मुख्य रेल्वे स्टेशन, बरही थाना सहित अन्य स्थानों पर मुस्तैदी से एनएसएस के कैडेट्स के द्वारा काम किया जा रहा है। यह कैडेट्स सुबह 5 बजे से लेकर रात 11 बजे तक अलग-अलग शिफ्ट में विभिन्न रेल्वे स्टेशन्स पर थर्मल स्क्रीनिंग, एन्ट्री, रोको टोको, मास्क के प्रति जागरुकता सहित सोशल डिस्टेन्सिंग का कार्य करा रहे हैं। इनके द्वारा किये जा रहे कार्य की सराहना रेल्वे प्रशासन द्वारा भी की जा रही है। वहीं ये कैडेट्स अपनी जिम्मेदारी निभाकर स्वयं स्वप्रेरित हो रहे हैं।
मुड़वारा रेल्वे स्टेशन में अपनी सेवायें दे रहीं एनएसएस की कैडेट अंजली विश्वकर्मा बताती हैं कि हम स्वयं अपनी जिम्मेदारी को समझते हुये वॉलेन्टियर के रुप में सेवायें दे रहे हैं। जब इस बीमारी का उपचार सतर्कता और सावधानी है, तो उसके प्रति जागरुकता फैलाना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है। इसका निर्वहन जब हम कर सकते हैं, तो जिले के सभी नागरिकों को मास्क पहनना चाहिये और सोशल डिस्टेन्सिंग का पालन भी करना चाहिये।
मुड़वारा रेल्वे स्टेशन के प्रबंधक बृजपाल सिंह ने बताया कि एनएसएस सहित अन्य संस्थाओं के वॉलेन्टियर्स से स्टेशन के प्रबंधन में उन्हें खासी सहायता मिल रही है। यह एक अच्छा कदम है और इन सभी विद्यार्थियों की सेवायें तारीफ के काबिल हैं। ये प्रॉम्प्ट तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
जिले के एनएसएस प्रभारी आर.पी. सिंह ने बताया कि जिले में बड़े उत्साह के साथ एनएसएस के कैडेट्स के द्वारा कोरोना कर्फ्यू के दौरान व्यवस्थायें दुरुस्त करने में सहयोग करने के लिये कार्य किया जा रहा है। अब तक लगभग 100 वॉलेन्टियर्स अपनी सेवायें दे रहे हैं। रेल्वे स्टेशन के साथ ही पुलिस स्टेशन के स्टाफ के साथ भी कैडेट्स द्वारा कार्य किया जा रहा है।

