मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने गूगल मीट के माध्यम से की जिले में कोविड की स्थिति की समीक्षा

प्रशासनिक अधिकारियों को दिये आवश्यक दिशा-निर्देश

कटनी – जिले में कोरोना संक्रमण की स्थिति और उसकी रोकथाम के लिये जिला प्रशासन द्वारा किये जा रहे कार्यों का रिव्यू शुक्रवार को वीसी के माध्यम से कोविड के लिये जिले के प्रभारी बनाये गये प्रदेश के खनिज साधन एवं श्रम मंत्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह ने लिया। इस दौरान उन्होने वर्चुअल मीट में ही आवश्यक दिशा निर्देश जिला प्रशासन को दिये। गूगल मीट में विधायक संदीप जायसवाल, विधायक प्रणय प्रभात पाण्डेय, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा और पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी भी शामिल हुये।

गूगल मीट के प्रारंभ में कलेक्टर श्री मिश्रा ने कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम को लेकर जिले में किये जा रहे कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होने वर्तमान में जिले में कोरोना की स्थिति, जिला अस्पताल की स्थिति, ऑक्सीजन की उपलब्धता, रेमडेसिविर, ट्रैकिंग, माईक्रो कन्टेन्टमेन्ट जोन, कोविड केयर सेन्टर, वेक्सीनेशन, कोरोना जांच व्यवस्था के विषय में बताया। साथ ही जिले में स्वास्थ्य विभाग के अमले में बढ़ोतरी करने के लिये पद्पूर्ति हेतु जारी की गई ओपन विज्ञप्ति की जानकारी भी दी।

मंत्री श्री सिंह ने जिले में बेहतर व्यवस्था बनाने के निर्देश प्रशासन के अधिकारियों को दिये। उन्होने कहा कि सतर्कता ही बचाव है। स्वास्थ्य रक्षा के लिये कोरोना कर्फ्यू का सख्ती से पालन करायें। आम जनमानस में इसके प्रति जनजागरुकता के लिये कार्य करें। जिले में ऑक्सीजन और रेमडेसिविर की उपलब्धता का रिव्यू भी गूगल मीट में मंत्री श्री सिंह ने किया। उन्होने कहा कि राज्यस्तर से इसकी आपूर्ति सुनिश्चित हो, इस दिशा में सार्थक कदम उठायेंगे।

मीट में विधायक संदीप जायसवाल ने भी अपने सुझाव दिये। उन्होने कहा कि भौगोलिक स्थिति के कारण कटनी बहुत महत्वपूर्ण है। ऑक्सीजन की उपब्धता और रेमडेसिविर की उपलब्धता के लिये प्रयास करने का आग्रह भी उन्होने मंत्री श्री सिंह से किया। उन्होने कहा कि जिन्हें ज्यादा जरुरत हो, उन्हें इंजेक्शन पहले दिया जाये, यह व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाये। साथ ही निजी चिकित्सालयों के साथ मीटिंग कर सामान्जस्य स्थापित करते हुये कार्य करने का सुझाव भी विधायक श्री जायसवाल ने दिया।

ग्रामीण क्षेत्रों में भी कोरोना संक्रमण से बचाव की दिशा में प्रभावी कार्य करने का सुझाव गूगल मीट में बहोरीबंद विधायक प्रणय प्रभात पाण्डेय ने दिया। मंत्री श्री सिंह ने जिला प्रशासन को मुस्तैदी के साथ कोविड-19 की रोकथाम के लिये कार्य करने के निर्देश दिये।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें