क्षेत्रीय सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने जिला अस्पताल मे सिटी स्कैन मशीन लगाने के लिए मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
कोविड-19 से निपटने के लिए सिटी स्कैन मशीन उपलब्ध कराए जाने की मांग
(पन्ना) – मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं खजुराहो लोकसभा क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद विष्णु दत्त शर्मा द्वारा विगत दिनों पन्ना का एक दिवसीय दौरा कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया था जिसमें स्थानीय लोगों द्वारा जिला चिकित्सालय में सिटी स्कैन मशीन न होने के कारण उत्पन्न हो रही समस्याओं के बारे में उन्हे बताया गया। क्षेत्रीय सांसद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा द्वारा मामले को बेहद ही गंभीरता से लिया गया और उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम एक पत्र लिखकर मांग की है कि पन्ना जिले में कोविड-19 बीमारी से निपटने के लिए सिटी स्कैन मशीन तत्काल उपलब्ध कराने का कष्ट करें । इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सीटी स्कैन मशीन चलाने के लिए अभी तक कोई भी स्टाफ की भर्ती नहीं है जिसके लिए सिटी स्कैन मशीन के साथ ही संबंधित कर्मचारियों की भी पद स्थापना की जाए ताकि मशीन को तत्काल रुप से चालू किया जा सके और क्षेत्र के मरीजों को समय पर बेहतर उपचार सुविधा उपलब्ध हो सके। ज्ञात हो कि पन्ना जिले में सिटी स्कैन मशीन न होने के कारण जिले के लोगों को पन्ना से छतरपुर, सतना, रीवा, सागर तक भागना पड़ता था। तब तक कई गंभीर मरीजों को अपने जीवन से हाथ धोना पड़ जाता था। स्थानीय सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के प्रयासों से पन्ना जिले को समय पर सीटी स्कैन मशीन की सौगात प्राप्त हो जाती है तो निश्चित रूप से मासूम बच्चों को डबल निमोनिया सहित कई गंभीर बीमारियों में लाभदायक होगी। वही कोविड-19 महामारी में लोगों के उपचार के लिए बहुत ही सहायक होगी । श्री शर्मा के इन प्रयासों की पन्ना जिले के लोगों ने सराहना की है और उनके इस पुनीत कार्य को लेकर स्थानीय लोगों ने आभार व्यक्त किया है।

एम आर आई यूनिट खोले जाने की लंबे समय से स्थानीय लोगों द्वारा रखी जा रही है मांग
पन्ना जिला आसपास के क्षेत्रों में सबसे पिछड़ा हुआ है। यहां पर कुपोषण शिशु मृत्यु दर और मातृ मृत्यु दर काफी आगे है। इनको रोकने को लेकर पन्ना जिले के समाजसेवी राम बिहारी गोस्वामी द्वारा एवं स्थानीय लोगों द्वारा काफी लंबे समय से पन्ना जिला अस्पताल में एम आर आई यूनिट की स्थापना एवं विशेषज्ञ डॉक्टरों की पूर्ति कराए जाने की मांग रखी जा रही है। सीटी स्कैन मशीन उसी का एक अभिन्न अंग होता है। यदि जिला अस्पताल में एम आर आई यूनिट की स्थापना के साथ ही संबंधित चिकित्सक एवं स्टाफ की पदस्थापना की जाती है तो निश्चित रूप से पन्ना जिले के लिए एक बड़ी स्वास्थ्य व्यवस्था में सौगात होगी। समाजसेवी राम बिहारी गोस्वामी ने बताया कि पन्ना जिले में सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशेषज्ञ डॉक्टरों के पद लंबे समय से रिक्त पड़े हुए हैं। इसके साथ ही जिला चिकित्सालय में ही 41 विशेषज्ञ डॉक्टरों में से 35 विशेषज्ञ डॉक्टरों के पद रिक्त पड़े हुए हैं। ऐसे में जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही हैं। जिनको लेकर स्थानीय लोगों द्वारा जिले के विधायकों से कई बार मांग रखी गई है । मगर इन मांगों को लेकर अभी तक चुने हुए विधायकों द्वारा ना तो कोई बड़ा जन आंदोलन किया गया और ना ही इस समस्या को प्रमुखता से रखा गया है। समाजसेवी श्री गोस्वामी ने पन्ना जिले के लोकप्रिय खजुराहो सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से आग्रह किया है कि पन्ना जिले में विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद लंबे समय से रिक्त पड़े हुए हैं उनको अधिक से अधिक भरा जाए ताकि पन्ना जिले की गरीब जनता को समय पर बेहतर उपचार सुविधा मिल सके।

