ऑक्सीजन टैंकरों के निर्बाध परिवहन की सभी स्तरों से हो मॉनीटरिंग

Advertisement

भोपाल मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि ऑक्सीजन टैंकरों का निर्बाध परिवहन सुनिश्चित किया जाए। सभी स्तरों पर इसकी गहन मॉनीटरिंग की जाए। बैकअप की भी व्यवस्था सुनिश्चित हो। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि होम आयसोलेशन की व्यवस्था को प्रभावी बनाकर चिकित्सालयों पर दबाव को कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कोविड केयर सेंटरों से चिकित्सालयों में स्थानांतरित किए गए रोगियों के संबंध में जानकारी संकलित कर उसके अध्ययन के आधार आवश्यक सुधार किए जाएं। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंस द्वारा कोरोना ग्रुप की बैठक को संबोधित कर रहे थे।

कोरोना कर्फ्यू कारगर साबित हो रहा

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने में कोरोना कर्फ्यू कारगर साबित हो रहा है। विगत दस दिनों से प्रकरणों की संख्या लगभग स्थिर है। जनता द्वारा कोरोना कर्फ्यू के प्रभावी क्रियान्वयन से यह संभव हुआ है। छिंदवाड़ा, बुरहानपुर और खण्डवा जैसे जिलों में संक्रमण नियंत्रण के प्रभावी प्रयास हुए हैं। उन्होंने इस दिशा में सतत प्रयासों की जरूरत बताई।

ग्रामीण अंचल में मेडिकल किट का डोर टू डोर वितरण

मुख्यमंत्री श्री चौहान को बैठक में बताया गया कि ग्रामीण अंचल और शहरी क्षेत्रों होम आयसोलशन में रह रहे संक्रमितों के साथ दूरभाष पर सतत सम्पर्क किया जा रहा है। ग्रामीण, शहरी अंचलों में मेडिकल किट वितरण किया जा रहा है। ग्रामीण अंचल में आशा कार्यकर्ताओं द्वारा डोर टू डोर आधार पर किट का वितरण किया गया है। सभी ग्राम पंचायतों में कोविड केयर सेंटर बनाए गए हैं। उनको हेल्पलाइन से भी जोड़ा गया है।

कोविड केयर सेंटरों में 523 ऑक्सीजन बेड की हुई व्यवस्था

प्रदेश में 8 हजार 472 कोविड केयर सेंटर कार्यरत हैं। उनमें ऑक्सीजन बेड की व्यवस्था भी की जा रही है। अभी तक 523 बेड तैयार हो गए हैं, जिनमें 56 प्रतिशत भरे हुए हैं। इंदौर में राधास्वामी सत्संग द्वारा जन-सहयोग से आई.सी.यू. बेड का निर्माण कार्य तेज गति से किया जा रहा है। बीना में एक हजार बिस्तर के अस्पताल निर्माण का कार्य भी तेज गति से चल रहा है। चिकित्सालय की ऑक्सीजन आवश्यकता के अतिरिक्त करीब 80 टन ऑक्सीजन की आपूर्ति की व्यवस्था भी की जा रही है।

भोपाल में कोविड केयर सेंटर से मेडिकल बैकअप होगा उपलब्ध

भोपाल जिले में मेडिकल बैकअप उपलब्ध कराने के लिए 500 बिस्तर के कोविड केयर सेंटर के माध्यम से प्रयास किए गए हैं। इस सेंटर में दो चिकित्सकों और छह नर्सों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इसके अतिरिक्त विभिन्न समाजों द्वारा भी कोविड केयर सेंटर बनाए जा रहे हैं। काटजू चिकित्सालय को सुपर स्पेशलिटी कोविड केयर सेंटर बनाने का कार्य भी तेज गति से प्रगतिरत है।

एक लाख से अधिक कोरोना वॉरियर्स का पंजीयन

प्रदेश में कोरोना वॉरियर्स के रूप में एक लाख दो हजार से अधिक वॉलेंटियर्स का चार श्रेणियों में पंजीयन हो गया है। सभी वॉलेंटियर्स वैदिक जीवन पद्धति का पालन करते हुए स्वयं की स्वास्थ्य रक्षा के साथ ही दूसरों की स्वास्थ्य सुरक्षा में सहयोग करेंगे। बैठक में बताया गया कि प्रदेश में 72 प्रतिशत संक्रमित व्यक्ति होम आयसोलेशन में हैं। चिकित्सालयों में 28 प्रतिशत संक्रमित उपचाराधीन हैं। प्रदेश में प्रकरणों की संख्या स्थिर हुई है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और ग्वालियर में भी संक्रमण की संख्या स्थिर हो गई है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें