ऑक्सीजन कालाबाजारी के खिलाफ सतना मे प्रशासन की छापे मार कार्यवाही
571 जंबो और 90 छोटे ऑक्सीजन सिलेंडर बरामद
(सतना) सतना शहर मे प्राणवायु आक्सीजन की कालाबाजारी की सूचना पर कलेक्टर अजय कटेसरिया, पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, आयुक्त नगर निगम तन्वी हुड्डा ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों के साथ रविवार को बस स्टैंड के समीप विन्ध्या इंजीनियरिंग मे छापामार कार्रवाई की। इस दौरान मौके पर 571 जम्बो आक्सीजन सिलेंडर और 90 छोटे सिलेंडर मिले है। रविवार को कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया को गुप्त सूचना मिली कि विंध्या इंजीनियरिंग कंपनी के प्रोपराइटर राजीव कुमार जैन द्वारा सूचनादाता को 25 हजार रुपये में ऑक्सीजन सिलिंडर एवं 7 हजार रुपये में सिलिंडर की किट बेची गई है। लेकिन यह कह कर डिलीवरी नही दी जा रही कि प्रशासन सख्त निगरानी कर रहा है। सूचना पर कलेक्टर ने महाप्रबंधक उद्योग आरके सिंह से अनुसंधान कराया और कलेक्टर श्री कटेसरिया एवं एसपी श्री धर्मवीर सिंह यादव ने एक संयुक्त टीम को छापामारी करने भेजा। एसडीएम राजेश शाही, सीएसपी विजय प्रताप सिंह एवं कोलगवां थाना प्रभारी देवेंद्र प्रताप सिंह की संयुक्त टीम द्वारा छापामार कार्यवाही की गईं। जिसमें 571 ऑक्सीजन जम्बो सिलेंडर एवं 90 छोटे सिलेण्डर जब्त किए गए। कलेक्टर श्री कटेसरिया ने बताया कि जब्त सिलेंडर का अधिग्रहण कर लिया गया है और यह मेडिकल प्रयोजन हेतु जिला अस्पताल एवं अन्य अस्पतालों को आवंटित किए जा रहे हैं। फर्म के विरुद्ध आपराधिक कार्यवाही की जा रही है।
