संयुक्त किसान मोर्चा ने की घोषणा – 10 मई को मनाएंगे क्रांति दिवस

(नईदिल्ली) संयुक्त किसान मोर्चा की हुई बैठक में 10 मई को क्रांति दिवस के रूप में मनाने का फैसला लिया गया है। वहीं प्रवासी मजदूरों और गरीबों के लिए आंदोलन स्थल पर 24 घंटे भोजन की व्यवस्था करने की घोषणा की है। किसानों की हुई बैठक में कहा गया कि प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की शुरुआत 1857 में 10 मई को हुई थी इसलिए किसान इसी दिन को क्रांति दिवस के रूप में मनाएंगे। संयुक्त किसान मोर्चा गाजीपुर के प्रवक्ता जगतार सिंह बाजवा ने बताया है  कि 10 मई को किसान क्रांति दिवस के दिन मंच पर अमर शहीद मंगल पांडे सहित अन्य शहीदों को याद कर श्रद्धांजलि दी जाएगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रवासी मजदूरों  व गरीबों को सुबह सात बजे से नौ बजे तक जलपान व सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक भोजन की व्यवस्था रहेगी। इस दौरान किसी भी समय आने वाले जरूरतमंदो को भी भोजन कराया जाएगा। साथ ही आंदोलन स्थल के आसपास कोई भी व्यक्ति भूखा न सोए इसकी जिम्मेदारी स्वयंसेवको को सौंपी गई है।

किसानों ने कोरोना संक्रमण से बचने के लिए एहतियातन दिल्ली फाइट कोविड-19 नाम का वॉट्सऐप ग्रुप बनाया है। इसमें अनुभवी डॉक्टर किसानों को कोरोना से बचने के सुझाव दे रहे हैं। इन डॉक्टरों में एम्स के पूर्व डॉक्टर अनिमेष दास व डॉक्टर एस.के. सिंह शामिल हैं, जो किसानों को कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रहने की जानकारियां दे रहे हैं।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें